समाचार · मध्य प्रदेश
अनूपपुर में 108 एंबुलेंस चालकों की हड़ताल:जिला अस्पताल के सामने खड़ी की 24 एंबुलेंस; डिस्ट्रिक्ट मैनेजर पर प्रताड़ना का आरोप
अनूपपुर जिले में शनिवार सुबह 11 बजे 108 एंबुलेंस सेवा के चालकों ने अचानक काम बंद कर हड़ताल कर दी। जिला अस्पताल के सामने लगभग 24 एंबुलेंस खड़ी कर चालकों ने मरीजों को ले जाने से मना कर दिया। हालांकि अस्पताल प्रबंधन के कहने पर बेहद गंभीर मरीजों को आपातकालीन सेवा दी गई। मानदेय में कटौती और भोपाल ट्रांसफर की धमकी हड़ताल पर बैठे चालकों का आरोप है कि उन्हें हर महीने 7 तारीख को मानदेय नहीं मिलता है। पूरा महीना काम करने के बाद भी वेतन काटकर 10 हजार रुपए या उससे कम दिए जाते हैं। गाड़ियों की मरम्मत न कराने और शिकायत करने पर डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (डीएम) रजनीश द्वारा भोपाल ट्रांसफर करने की धमकी दी जाती है। सीएमएचओ ने डीएम को फटकार लगाई एंबुलेंस सेवा ठप होने की खबर मिलते ही सीएमएचओ डॉ. अलका तिवारी और वरिष्ठ मेडिकल ऑफिसर डॉ. एस.सी. राय मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालकों की शिकायतें लिखित में लेकर डीएम रजनीश को कड़ी फटकार लगाई और व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी। इसके साथ ही सीएमएचओ ने चालकों को व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए सीधे खुद से जोड़ लिया। आश्वासन के बाद दोपहर 3 बजे काम पर लौटे चालक स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मिले निष्पक्ष कार्रवाई के आश्वासन के बाद चालकों का गुस्सा शांत हुआ। दोपहर करीब 3 बजे सभी चालक अपने वाहनों के साथ काम पर लौट आए और सेवाएं बहाल कर दी गईं। इस पूरे घटनाक्रम के कारण जिले में करीब चार घंटे तक एंबुलेंस व्यवस्था प्रभावित रही।