समाचार · हरियाणा
गुरुग्राम के टावर ऑफ जस्टिस का लोकार्पण 12 को:चीफ जस्टिस सूर्यकांत करेंगे शुभारंभ, हाईकोर्ट के जजों ने लिया जायजा
गुरुग्राम के नए जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर 'टावर ऑफ जस्टिस' का लोकार्पण 12 जुलाई को होगा। भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत इसका उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब एंड हरियाणा उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन के बाद यह आधुनिक न्यायिक परिसर गुरुग्राम जिले की न्यायिक व्यवस्था को नई गति देगा। उद्घाटन समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस हरसिमरन सिंह, हाईकोर्ट की बिल्डिंग कमेटी के चेयरमैन एवं गुरुग्राम डिवीजन के इंस्पेक्टिंग जज जस्टिस रोहित कपूर और कमेटी की सदस्य जस्टिस अराधना साहनी ने 'टावर ऑफ जस्टिस' का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था एवं न्यायलय कक्षों का निरीक्षण उन्होंने न्यायालय परिसर के विभिन्न न्यायालय कक्षों, न्यायिक अधिकारियों के कार्यालयों, प्रतीक्षालय, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान पीडब्ल्यूडी विभाग के एसीएस अपूर्व कुमार सिंह भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान तीनों न्यायाधीशों ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्घाटन समारोह से पहले सभी शेष कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने बताया कि समारोह में देश के सुप्रीम कोर्ट, पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट, जिला न्यायपालिका तथा विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अतिथि उपस्थित रहेंगे। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, पार्किंग, अतिथियों के स्वागत, बैठक व्यवस्था, स्वच्छता तथा अन्य सभी व्यवस्थाएं प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। आगंतुकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता : न्यायाधीश न्यायाधीशों ने यह भी निर्देश दिए कि समारोह के दौरान आगंतुकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। परिसर में प्रत्येक व्यवस्था सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संचालित होनी चाहिए। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया, ताकि उद्घाटन समारोह गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं यादगार बन सके।