समाचार · मध्य प्रदेश
मऊगंज में किशोरी से दुष्कर्म, मिस्त्री गिरफ्तार:काम दिलाने का झांसा देकर खेत के मकान में बनाया था बंधक; पुलिस ने छुड़ाया
मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में एक किशोरी को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का सामने आया है। पुलिस ने आरोपी मिस्त्री के चंगुल से किशोरी को मुक्त कराया और उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। मां के भरोसे का उठाया फायदा, काम पर ले जाकर किया कृत्य जानकारी के अनुसार, आरोपी राकेश कुशवाहा (40) पेशा से राजमिस्त्री है और उसने रोझौही में एक मकान बनाने का ठेका लिया था। उसने मजदूरी के काम के लिए किशोरी की मां से संपर्क कर लड़की को काम पर भेजने के लिए कहा था। मां ने आरोपी पर भरोसा करके अपनी बेटी को उसके साथ भेज दिया। करीब एक सप्ताह तक किशोरी रोजाना काम खत्म कर घर लौट आती थी, लेकिन शुक्रवार शाम जब वह वापस नहीं पहुंची, तो परिजनों को चिंता हुई। मिस्त्री के घर पर भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद परिजनों ने तत्काल नईगढ़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घेराबंदी कर पाही का दरवाजा खुलवाया, अंदर बंधक थी किशोरी शिकायत मिलते ही नईगढ़ी पुलिस तुरंत एक्टिव हुई और खोजबीन शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी गांव से दूर अपने खेत में बने मकान (पाही) में छिपा हुआ है। पुलिस की टीम जब वहां पहुंची, तो मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस द्वारा दरवाजा तोड़ने का प्रयास करने पर आरोपी डर गया और उसने खुद ही गेट खोल दिया। तलाशी लेने पर अंदर एक कमरे में किशोरी बंधक हालत में मिली। पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट समेत BNS की धाराओं में FIR पीड़ित किशोरी ने पुलिस को आपबीती सुनाते हुए बताया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपनी पाही पर ले गया था और कमरे में बंद कर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। नईगढ़ी पुलिस ने शनिवार को भीर निवासी आरोपी राकेश कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 127, पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और आरोपी को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।