national
हंगरी में खाई में गिरी बस, 12 की मौत और कई गंभीर घायल, 59 लोग थे सवार

हंगरी में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई. इस घटना में कई अन्य घायल भी हुए हैं. पुलिस के मुताबिक, पोलैंड के पंजीकरण नंबर वाली एक यात्री बस राजमार्ग से उतरकर खाई में गिर गई. हादसा राजधानी बुडापेस्ट से पूर्व दिशा की ओर करीब 140 किलोमीटर दूर हुआ.
ड्राइवर को नींद आने की वजह से अनियंत्रित हुई बस
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना रविवार तड़के करीब 1 बजे हुई. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को नींद आने की वजह से बस अनियंत्रित हुई, जिसके बाद वह सड़क से उतरकर खाई में जा गिरी.
बस में सवार थे 59 लोग
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, बस में 57 यात्री और 2 ड्राइवर सवार थे. हादसे के बाद बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. बस के अंदर फंसे कुछ लोगों को खिड़कियों के रास्ते बाहर निकाला गया.
ये भी पढ़ें: सड़क हादसे में चार युवकों की मौत पर फूटा आक्रोश, नौ घंटे जाम के बाद खुला एनएच-32
हादसे में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया. हंगरी के प्रधानमंत्री पीटर मग्यार ने बताया कि कम से कम 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. वहीं, कई अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं.
ये भी पढ़ें: जमुई दौरे के दौरान स्वास्थ्य मंत्री के काफिले में भिड़ीं दो गाड़ियां, बड़ा हादसा टला
हंगरी के प्रधानमंत्री पीटर मग्यार ने फेसबुक पर एक बयान में कहा कि हादसे में कम से कम 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घटनास्थल पर भेजे गए बचावकर्मियों का आभार जताया.