Wednesday, 18 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

जबलपुर में गांजा तस्करी, स्कार्पियो से 136 किलो बरामद:नहर किनारे बिना नंबर की स्कार्पियो में मिला 68 लाख का गांजा, घमापुर में महिला भी गिरफ्तार

INT News17 November 2026 at 10:48 pm

जबलपुर में गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 137 किलो से ज्यादा गांजा जब्त किया है। भेड़ाघाट पुलिस ने चौकीताल गांव के पास नहर किनारे खड़ी बिना नंबर की स्कार्पियो से 136 किलो 84 ग्राम गांजा बरामद किया। इसकी कीमत करीब 68 लाख 42 हजार रुपए बताई गई है। वहीं, घमापुर पुलिस ने चांदमारी तलैया क्षेत्र में दबिश देकर एक महिला को 1 किलो 7 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस, स्कार्पियो की डिक्की में मिले 12 पैकेट मंगलवार दोपहर भेड़ाघाट थाना प्रभारी कमलेश चौरिया थाने में बैठकर काम निपटा रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर मुखबिर का कॉल आया। सूचना दी गई कि चौकीताल गांव के पास नहर किनारे कच्चे रास्ते पर बिना नंबर की एक काली स्कार्पियो खड़ी है। वाहन संदिग्ध लग रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को कच्चे रास्ते पर काली स्कार्पियो खड़ी मिली। वाहन में नंबर प्लेट नहीं थी। पीछे वाली सीट की खिड़की का कांच टूटा हुआ था और पीछे का टायर भी कटा-फटा था। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो डिक्की में टेप से लिपटे 12 पैकेट मिले। जांच करने पर उनमें गांजा होना पाया गया। तौल में कुल 136 किलो 84 ग्राम गांजा निकला, जिसकी अनुमानित कीमत 68 लाख 42 हजार रुपए है। स्कार्पियो के अंदर एक नंबर प्लेट भी रखी मिली, जिस पर यूपी 57 सीसी 7869 लिखा था। पुलिस ने गांजा और स्कार्पियो जब्त कर वाहन चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई की है। चांदमारी तलैया के पास गांजा बेचने की फिराक में थी महिला दूसरी कार्रवाई घमापुर पुलिस ने की। थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे के मुताबिक, मंगलवार शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि चांदमारी तलैया, टेस्टिंग रोड पहाड़ के पास एक महिला गांजा बेचने के लिए रखे हुए है। सूचना पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। पुलिस को वहां मुखबिर के बताए हुलिए की महिला खड़ी मिली। वह पुलिस को देखकर भागने लगी, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रीता कुचबंधिया (40), निवासी लालमाटी, चांदमारी टेस्टिंग रोड, घमापुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मिले सफेद रंग के थैले में छोटी-छोटी पुड़ियों में गांजा रखा मिला। तौल करने पर कुल 1 किलो 7 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपए है। पुलिस ने गांजा जब्त कर महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई की है।