समाचार · मध्य प्रदेश
विदिशा में सैकड़ों कावड़ यात्री बेतवा नदी पहुंचे:11वीं बार बेतवा जल से करेंगे केदारनाथ का जलाभिषेक
विदिशा में श्रावण मास के अवसर पर कावड़ यात्रा शुरू हुई। खामखेड़ा रोड स्थित ग्राम सलैया से सैकड़ों कावड़ यात्री बेतवा नदी के घाट पर जल लेने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बेतवा नदी का पवित्र जल कावड़ में भरा। जल भरने के उपरांत कावड़ियों ने कावड़ की परिक्रमा की और फिर ग्राम सलैया के लिए प्रस्थान किया। बेतवा नदी से जल भरने के बाद कावड़ यात्री ग्राम सलैया में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके पश्चात सोमवार को वे कावड़ लेकर केदारनाथ धाम के लिए रवाना होंगे। केदारनाथ पहुंचने पर बेतवा नदी के इस जल से भगवान केदारनाथ स्वामी का जलाभिषेक किया जाएगा। यह कावड़ यात्रा पिछले लगभग 11 वर्षों से श्रावण मास में आयोजित की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। इस दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।