समाचार · मध्य प्रदेश
प्रभारी मंत्री बोले- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ:नागर सिंह चौहान किया उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण
प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान ने रविवार शाम को सुसनेर में पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। केंद्र और प्रदेश सरकार पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। प्रभारी मंत्री चौहान ने सुसनेर के पं. दीनदयाल उपाध्याय चौक पर नगर परिषद द्वारा स्थापित इस प्रतिमा का अनावरण किया। इस कार्यक्रम में जयदीप पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय, पूर्व विधायक बद्रीलाल सोनी और लालजी राम मालवीय सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। मंत्री चौहान ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उपाध्याय ने भारतीय संस्कृति और राष्ट्रहित को केंद्र में रखकर एकात्म मानववाद का दर्शन प्रस्तुत किया था। उनका अंत्योदय का विचार आज भी शासन की जनकल्याणकारी नीतियों का आधार और प्रेरणास्रोत है। उन्होंने जोर दिया कि विकास तभी सार्थक होता है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। प्रतिमा की स्थापना क्षेत्रवासियों के लिए गर्व का विषय उन्होंने कहा कि सुसनेर में पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा की स्थापना क्षेत्रवासियों के लिए गर्व का विषय है। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को उनके विचारों, आदर्शों और राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरित करेगी। मंत्री ने आश्वासन दिया कि सुसनेर और आगर-मालवा जिले के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चलाए जा रहे 'मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026' का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत जनविश्वास शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा। इन शिविरों में उन पात्र हितग्राहियों की भी पहचान की जाएगी, जो किसी कारणवश सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए हैं। मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे इन जनविश्वास शिविरों में भाग लें। उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखें और अपनी पात्रता के अनुसार शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष प्रदीप सोनी ने सुसनेर में डाक बंगला से हाथी दरवाजा तक डिवाइडर रोड निर्माण की मांग रखी। प्रभारी मंत्री चौहान ने इस मांग पर शासन स्तर से हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।