समाचार · हरियाणा
हांसी में बालाजी हार्डवेयर स्टोर में लगी आग:बिजली-हार्डवेयर और सेनेटरी का सामान खाक; शॉर्ट सर्किट की आशंका
हरियाणा के हांसी जिले के गांव खांडा खेड़ी में जींद-भिवानी रोड पर बालाजी हार्डवेयर एवं सेनेटरी स्टोर में शनिवार रात आग लग गई। आग तेजी से फैली और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस घटना में दुकान में रखा बिजली, हार्डवेयर और सेनेटरी का लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। शनिवार रात ड्यूटी से लौट रहे गांव के एक कर्मचारी ने दुकान से धुआं उठता देखा। उसने तुरंत दुकान मालिक सतीश वर्मा को फोन कर जानकारी दी। इसके बाद डायल-112 पर भी सूचना दी गई। खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कोशिश शुरू की। हालांकि, आग इतनी फैल चुकी थी कि शुरुआती कोशिशों में उस पर काबू नहीं पाया जा सका। बाद में दो फायर गाड़ियों ने काफी कोशिश के बाद आग पर काबू पाया। देर रात आग लगने की मिली सूचना दुकान मालिक सतीश वर्मा ने बताया कि वह खांडा खेड़ी के ही रहने वाले हैं। वे काफी समय से हार्डवेयर और सेनेटरी की दुकान चलाकर परिवार का गुजारा कर रहे हैं। शनिवार रात करीब 11 बजे उन्हें फोन पर दुकान में आग लगने और धुआं उठने की खबर मिली। जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी। सेनेटरी का सारा सामान जलकर राख सतीश वर्मा के मुताबिक, आग बुझने तक दुकान में रखा बिजली, हार्डवेयर और सेनेटरी का सारा सामान जलकर राख हो गया था। उन्होंने बताया कि जले हुए सामान की कीमत लाखों रुपए थी। इस आग से उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। उनकी दुकान ही परिवार की आय का मुख्य जरिया थी, इसलिए घटना के बाद परिवार के सामने मुश्किल खड़ी हो गई है।