समाचार · हरियाणा
पानीपत में घरेलू कलह का खूनी अंत:पत्नी से झगड़े के बाद युवक ने शीशे पर मारे हाथ, नस कटने व ज्यादा खून बहने से मौत
पानीपत शहर के तहसील कैंप थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेल नगर में घरेलू कलह के चलते एक 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पत्नी से हुए झगड़े के बाद गुस्से में आकर युवक ने अपने दोनों हाथ शीशे पर मार दिए। इस दौरान शीशा टूटने से उसके हाथ की नस कट गई। लगातार खून बह जाने के कारण उसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। अस्पताल से मिला ब्रॉड डेड का रुक्का तहसील कैंप थाना पुलिस को 13 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे सिविल अस्पताल से सूचना प्राप्त हुई कि पटेल नगर निवासी गौरव (26) को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। पति-पत्नी के बीच हुआ था झगड़ा, गुस्से में उठाया आत्मघाती कदम घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस की टीम पटेल नगर स्थित मृतक के घर पहुंची। पुलिस ने मृतक के परिजनों, प्रत्यक्षदर्शियों और पड़ोसियों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान परिजनों व पड़ोसियों ने खुलासा किया कि वारदात से पहले गौरव और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और झगड़ा हुआ था। झगड़े के दौरान गौरव अत्यधिक गुस्से में आ गया और उसने आपा खोते हुए अपने दोनों हाथ घर में लगे शीशे पर जोर से मार दिए। हाथ की नस कटने से लगातार बहता रहा खून शीशे पर जोरदार हमला करने के कारण कांच टूटकर गौरव के हाथों में धंस गया, जिससे उसके एक हाथ की मुख्य नस गहराई तक कट गई। नस कटते ही तेजी से खून बहने लगा। जब तक परिजन और पड़ोसी कुछ समझ पाते और उसे संभालते, तब तक अत्यधिक मात्रा में खून बह चुका था। गंभीर हालत में परिजन उसे तुरंत सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की कार्रवाई तहसील कैंप थाना पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भिजवा दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों व पड़ोसियों के बयानों के आधार पर इत्तेफाकिया कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों की आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।