समाचार · उत्तराखंड
फिल्म 'हनुमान अंश' की सफलता के बीच कैंची धाम में भारी भीड़, लोगों से की गई यह अपील

फिल्म 'हनुमान अंश' की तगड़ी सफलता के बीच उत्तराखंड के कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट रही है। आलम यह कि भारी भीड़ से ट्रैफिक जाम देखा जा रहा है। इससे बुज़ुर्गों, मरीजों और एम्बुलेंस तक को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। सोशल मीडिया यूर्जस बढ़ती भीड़ पर नाराजगी जताई है। आलोचकों का कहना है कि कभी शांत रहने वाला यह आश्रम अब व्लॉगिंग और दिखावे का केंद्र बन गया है।कैंची धाम में जुट रही भारी भीड़ के बीच कंटेंट क्रिएटर ऐश्वर्या कांडपाल ने इंस्टाग्राम पर एक लंबी पोस्ट में बताया कि 2020 के बाद मीडिया और इंटरनेट पर कैंची धाम के बारे में तेजी से जानकारी का प्रसार हुआ। हाल ही में आई फिल्म 'हनुमान अंश' के बाद तो यह धाम और भी मशहूर हो गया है।कंटेंट क्रिएटर ऐश्वर्या कांडपाल ने आगे लिखा- हम स्थानीय लोगों के लिए तो यह हमेशा से शांत और साधारण कैंची रहा है। 2010 के दशक के आखिर तक मंदिर में हर रोज औसतन 50 लोग प्रार्थना करने आते थे। मेरे माता-पिता बरसों से आश्रम से जुड़े रहे हैं। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने वहां काफी समय बिताया है। लेकिन भारी भीड़ की वजह से अब यहां जाना भी मुश्किल हो गया है।कंटेंट क्रिएटर ऐश्वर्या कांडपाल ने आगे लिखा- सड़कों पर क्षमता से ज्यादा भीड़ है। अब स्थानीय लोगों को सुबह 5 बजे ही घर से निकलना पड़ता है जबकि सफर महज 40 मिनट का है।ऐश्वर्या कांडपाल की मानें तो कैंची धाम में प्लास्टिक कचरा और ट्रैफिक जाम बड़ी समस्या बन रहा है। कांडपाल ने हॉर्न बजाने और सिगरेट के टुकड़े, प्लास्टिक की बोतलें और रैपर वहीं छोड़ देने के लिए श्रद्धालुओं की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे समझदारी दिखाएं और आश्रम के अंदर कचरा ना फैलाएं और ना ही वीडियो बनाएं।कांडपाल ने कहा कि अचानक पूरे इलाके में पूजापाठ के सामान की दुकानों की बाढ़ सी आ गई है। लोगों की भारी भीड़ है। प्रदूषण बढ़ रहा है। लोग सेल्फी ले रहे हैं। सड़कों पर भारी जाम है। लगातार हॉर्न बजने और शोर से पशु पक्षी परेशान हो रहे हैं। सड़क के किनारे प्लास्टिक की बोतलें, रैपर, सिगरेट के टुकड़े बिखरे पड़े होते हैं।कांडपाल ने कहा कि लोग वही सब कर रहे हैं जिसके लिए उन्हें मना किया गया है। लोग परिसर के अंदर फिल्मिंग कर रहे हैं। लोग माइक पर जोर-जोर से व्लॉगिंग कर रहे हैं जबकि आश्रम के अंदर फिल्मिंग करना पुराने नियमों और जगह की भावना के खिलाफ है।इस बीच यूनीवार्ता की रिपोर्ट के मुताबिक, कैंची धाम में बढ़ती भीड़ पर फिल्म 'हनुमान अंश' के लेखक-निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने भक्तों से यात्रा की योजना मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखकर बनाने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा वीडियो में कहा कि कैंची धाम में इन दिनों भारी भीड़ और लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। फिल्म की वजह से भीड़ बढ़ी है या नहीं, यह अलग विषय है, लेकिन फिलहाल भक्तों को कैंची धाम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनानी चाहिए।