Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

13 विभागों की झांकियां, CCTV और ड्रोन से निगरानी, शेड समेत 15 अगस्त को गांधी मैदान में होगी ऐसी व्यवस्था

INT News14 August 2026 at 02:44 pm

Gandhi Maidan Preparation: पटना में 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस के मुख्य राजकीय समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. समारोह को भव्य और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, दर्शकों की सुविधा, प्रकाश की व्यवस्था और प्रवेश से जुड़ी सभी तैयारियां लगभग पूरी हैं.

समारोह से पहले गांधी मैदान में अंतिम निरीक्षण और फाइनल रिहर्सल भी पूरा कर लिया गया. इस दौरान परेड, झांकियों और अन्य कार्यक्रमों का रिहर्सल किया गया. अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से बता दी गई हैं, ताकि 15 अगस्त की सुबह कार्यक्रम तय समय के अनुसार बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके.

बारिश से बचाने के लिए 80 हजार वर्गफीट का शेड

15 अगस्त के दिन बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने दर्शकों की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया है. गांधी मैदान में करीब 80 हजार वर्गफीट में दर्शक दीर्घा के ऊपर शेड तैयार किया गया है. बारिश होने की स्थिति में भी लोगों को समारोह देखने में परेशानी न हो, इसके लिए तैयार किया गया है. गांधी मैदान में पर्याप्त रोशनी की भी व्यवस्था की गई है. लाइट टावर्स, LED मेटल लाइट और हाईमास्ट लाइट के जरिए पूरे परिसर में रोशनी का इंतजाम किया गया है.

62 जगहों पर तैनात रहेंगे अधिकारी

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए गांधी मैदान को चार सेक्टर और सब-सेक्टर में बांटा गया है. हर एक सेक्टर की जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई है. गांधी मैदान और कारगिल स्मृति चौक में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 62 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है.

इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहेंगे. सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को 15 अगस्त की सुबह 6 बजे तक अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है. कार्यक्रम समाप्त होने और सभी दर्शकों के सुरक्षित बाहर निकलने तक अधिकारी अपने जगह पर मौजूद रहेंगे.

CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी

समारोह में सुरक्षा को लेकर तकनीक का भी व्यापक इस्तेमाल किया जाएगा. गांधी मैदान और आसपास के इलाकों पर CCTV कैमरों के जरिए नजर रखी जाएगी. स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत लगाए गए कैमरों से भी गतिविधियों की निगरानी होगी.

इसके अलावा गांधी मैदान में ड्रोन से हवाई निगरानी की जाएगी. पुलिस कार्यालय परिसर स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से पूरे समारोह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी. डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम तीन शिफ्ट में काम करेगा, ताकि किसी भी स्थिति में प्रशासन को तुरंत जानकारी मिल सके.

13 विभागों की झांकियां और 20 परेड टुकड़ियां

इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में 13 विभागों की झांकियां शामिल होंगी. अलग-अलग विभागों की उपलब्धियों और योजनाओं को दर्शाती ये झांकियां समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेंगी. इसके साथ ही 20 परेड टुकड़ियां समारोह में हिस्सा लेंगी. फाइनल रिहर्सल में परेड और अन्य कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास कर व्यवस्थाओं की जांच की गई है.

Also Read: शराबबंदी पर आए रिपोर्ट पर डिप्टी सीएम का बयान, कहा- पीने वाले कर रहे कानून का विरोध