समाचार · छत्तीसगढ़
रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में स्वशासी समिति की बैठक:जल्द शुरू होगी कैंसर मरीजों के लिये कीमोथेरेपी की सुविधा, मरम्मत-निर्माण कार्यों के लिए 50 करोड़ रूपए का मिला अनुमोदन
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में छत्तीसगढ़ आरोग्य चिकित्सा शिक्षण एवं अनुसंधान समिति की साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की। बैठक में कैंसर मरीजों के लिये कीमोथेरेपी की सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराने के साथ ही अन्य निर्देश दिये गये। स्वास्थ्य मंत्री द्वारा चिकित्सा महाविद्यालय भवन व चिकित्सालय भवन में विभिन्न मरम्मत और निर्माण कामों के लिए 50 करोड़ का अनुमोदन दिया गया। साथ ही लोक निर्माण विभाग को ये हिदायत दी गयी कि कम पूरी तरह गुणवत्ता पूर्ण और दिखने में भी बेहतर होना चाहिए। चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय में भर्ती मरीजों का आयुष्मान योजना से आवश्यकतानुसार, अति आवश्यक आकस्मिक दवाईयों को नियमानुसार क्रय किये जाने की मंजूरी प्रदान की गई। इन सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों को उच्च स्तरीय जांच सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी और उपचार की गुणवत्ता में सुधार आएगा। बैठक में चिकित्सा महाविद्यालय व चिकित्सालय के लिए आवश्यक टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स, कम्प्यूटर ऑपरेटर, तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के आवश्यकता अनुसार पदों पर आऊटसोर्स के माध्यम से भर्ती किये जाने का निर्णय भी स्वशासी समिति द्वारा लिया गया। इसके अलावा कैंसर मरीजों के लिये कीमोथेरेपी की सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। एड्स मरीजों के लिये शुरू होगा ART सेंटर समिति की बैठक में स्वास्थ्य मंत्री द्वारा चिकित्सा महाविद्यालय, रायगढ़ में एड्स मरीजों के लिये ART सेटर प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान बैठक में समिति द्वारा MBBS व MS / MD के प्रत्येक लेक्चर हॉल,डेमो हॉल को हाईटक बनाने के लिए इंटरेक्टिव पैनल लगाये जाने समेत चिकित्सकों व छात्र-छात्राओं को पेपर पब्लिकेशन, वर्कशॉप, कांफ्रेंस अधिक संख्या में आयोजित करने का निर्देश दिया गया।
मरीजों के हित के लिए लिए निर्णय बैठक में लिये गये निर्णय अनुसार मरीज के हित के लिए तत्काल आवश्यकता संबंधी दवाईयाँ, केमिकल्स, किट्स, ग्लासवेयर छोटी-छोटी सामग्रियों के तत्काल खरीदने के लिए सभी क्लिनिकल विभागाध्यक्षों को स्वशासी मद से अग्रिम राशि 5 हजार प्रदान कर जिला कोषालय के माध्यम से नियमित बजट से समायोजन किया जा रहा है। विभागाध्यक्षों को दिये जा रहें अग्रिम राशि को स्वशासी मद से व्यय मान्य किया जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में प्रदेश के वित्तमंत्री ओपी चौधरी, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, अधिष्ठाता डॉ. संतोष कुमार भी उपस्थित थे।