समाचार · हरियाणा
पानीपत में हुआ गैस सिलेंडर ब्लास्ट:नर्सरी में लगी भयंकर आग, पौधे-सामान जलकर हुआ राख; लोगों ने फेंकी मिट्टी
पानीपत में बबैल नाका से सेक्टर 25 की ओर जाने वाले रास्ते पर स्थित लक्ष्मी नर्सरी में गुरुवार दोपहर एक हादसा हो गया। गैस सिलेंडर में अचानक हुए रिसाव के बाद जोरदार धमाका हो गया, जिससे पूरी नर्सरी में भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग के कारण नर्सरी का सारा सामान जलकर राख हो गया। रिसाव के कारण हुआ ब्लास्ट, चंद मिनटों में फैली आग प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना दोपहर के समय हुई जब नर्सरी में रखे गैस सिलेंडर में अचानक रिसाव शुरू हो गया। रिसाव के तुरंत बाद एक तेज धमाका हुआ और आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने कुछ ही मिनटों में पूरी नर्सरी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान आग की लपटों ने नर्सरी में रखे सभी महंगे पौधों और गमलों, वहां बने छप्पर और बिस्तर तथा अन्य तमाम घरेलू व व्यावसायिक सामान को जलाकर खाक कर दिया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने की मदद, दमकल विभाग को दी सूचना धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर जमा हो गए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अपने स्तर पर पानी और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने की भरसक कोशिश की, ताकि आग आसपास के इलाकों में न फैल सके। घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर पूरी तरह से काबू पाया। बड़ा हादसा टला, आर्थिक नुकसान काफी अधिक गनीमत यह रही कि सिलेंडर ब्लास्ट और आगजनी के वक्त लोग समय रहते सुरक्षित दूरी पर हट गए, जिससे कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया और एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, इस अग्निकांड के कारण नर्सरी संचालक का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और सारा सामान राख में तब्दील हो गया है।