Saturday, 18 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

प्रेमिका को मोबाइल दिलाने युवक बना ट्रैक्टर चोर:कुठला से 4.5 लाख का ट्रैक्टर चुराया; सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से पकड़ाया आरोपी

INT News17 July 2026 at 10:13 pm

कटनी की कुठला थाना पुलिस ने 48 घंटे में ट्रैक्टर चोरी की वारदात का खुलासा किया है। एक युवक ने अपनी प्रेमिका की 50 हजार रुपए के महंगे मोबाइल फोन की मांग को पूरा करने के लिए दुकान के बाहर खड़ा ट्रैक्टर चुरा लिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। दुकान के बाहर से गायब हुआ था 4.5 लाख का ट्रैक्टर पहरुआ निवासी नवनीत गुप्ता (45) की कृषि यंत्र की दुकान है। उन्होंने 14 जुलाई की रात अपनी दुकान के बाहर पुराना सोनालिका कंपनी का ट्रैक्टर (क्रमांक MP34A1943, जिसमें हाइड्रा लगा था) खड़ा किया था। इस ट्रैक्टर की अनुमानित कीमत करीब 4.5 लाख रुपए थी। रात के अंधेरे में अज्ञात चोर इसे चुरा ले गए। सुबह ट्रैक्टर गायब मिलने पर पीड़ित ने कुठला थाने में मामला दर्ज कराया। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिला सुराग मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर एक विशेष टीम बनाई। जांच टीम ने घटनास्थल के आसपास और संभावित रास्तों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके बाद संदिग्ध आरोपी प्रिंस सिंह सोमवंशी (20) निवासी समोघर, सतना तक पहुंच गई। पूछताछ में उगला सच, मैहर से हुई जब्ती पुलिस ने जब संदेही प्रिंस सिंह को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने ट्रैक्टर चोरी की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसकी प्रेमिका ने उससे 50 हजार रुपये का मोबाइल दिलाने की मांग की थी। पैसे न होने के कारण उसने चोरी का रास्ता चुना। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मैहर स्थित सोनालिका एजेंसी के पास से ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।