समाचार · मध्य प्रदेश
PWD मंत्री ने शहपुरा टोल बंद करने के दिए निर्देश:वसूली फिर भी जारी; मैनेजर बोला- लिखित आदेश नहीं मिला
जबलपुर-भोपाल रोड पर शहपुरा रेलवे ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के बाद यातायात डायवर्ट किया गया है। इसके चलते लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने शहपुरा टोल नाके पर अस्थायी रूप से टोल कलेक्शन बंद करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद टोल नाके पर वाहनों से शुल्क वसूली जारी रहने का मामला सामने आया है। बुधवार को स्थानीय लोगों ने टोल नाके का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। लोगों ने शहपुरा पुलिस से शिकायत भी की। उनका कहना है कि मंत्री ने टोल कलेक्शन तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं, इसके बावजूद वसूली की जा रही है। समीक्षा बैठक में टोल बंद करने के निर्देश मंगलवार को भोपाल में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। इसमें शहपुरा टोल को अस्थायी रूप से बंद करने और वाहनों से होने वाला टोल कलेक्शन रोकने का निर्णय लिया गया। मंत्री ने कहा कि जबलपुर-भोपाल मार्ग पर शहपुरा रेलवे ब्रिज क्षतिग्रस्त होने के कारण यातायात डायवर्ट किया गया है। इससे शहपुरा टोल पर स्थानीय लोगों में असंतोष की स्थिति बनी है। इसी को देखते हुए टोल कलेक्शन अस्थायी रूप से समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। मैनेजर बोला- लिखित आदेश का इंतजार टोल नाके के मैनेजर आर्यन का कहना है कि उन्हें अभी तक टोल बंद करने का कोई लिखित आदेश नहीं मिला है। लोक निर्माण विभाग से लिखित निर्देश प्राप्त होते ही टोल कलेक्शन बंद कर दिया जाएगा। जबलपुर-दमोह रोड की मरम्मत के भी निर्देश समीक्षा बैठक में मंत्री ने जबलपुर-दमोह मार्ग पर जरूरी मरम्मत कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं उज्जैन-गरोठ मार्ग के निर्माण में सामने आई गुणवत्ता संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण की गुणवत्ता की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।