समाचार · छत्तीसगढ़
फोटो वायरल करने के विवाद में दोस्त की हत्या:शराब के नशे में डंडे और लात-घूंसों से पीटा, पखवाड़े भर बाद तोड़ा दम
कोरबा में सोशल मीडिया पर शराब पीने की तस्वीर वायरल करने को लेकर हुए विवाद में एक दोस्त ने दूसरे दोस्त की जान ले ली। शराब के नशे में डंडे और लात-घूंसों से की गई पिटाई में घायल बुजुर्ग की पखवाड़े भर बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई। मामला जटगा पुलिस चौकी क्षेत्र के महगवां डांड जटगा का है। मृतक की पहचान 64 वर्षीय प्रसाद सिंह नेटी के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी जुरान बाई के साथ गांव में रहता था। घटना 18 अगस्त की रात करीब 9 बजे की है। उस दिन प्रसाद की पत्नी मायके गई हुई थी और वह घर में अकेला था। घर की दहलीज पर बैठकर पी रहे थे महुआ शराब इसी दौरान उसके दो दोस्त हीरासिंह नेटी और समारू उर्फ बबलू नेटी उसके घर पहुंचे। तीनों घर की दहलीज पर बैठकर मछली के साथ महुआ शराब पी रहे थे। इसी दौरान गांव का युवक राहुल नेटी वहां से गुजरा। उसने तीनों को शराब पीते देखकर मोबाइल से फोटो खींच ली और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए वहां से भाग गया। फोटो खिंचवाने का आरोप लगाकर शुरू की मारपीट घटना के बाद माहौल बिगड़ गया। नशे में धुत समारू भड़क गया। उसने प्रसाद पर आरोप लगाया कि उसी ने राहुल को बुलाकर उनकी फोटो खिंचवाई है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर समारू ने घर में रखे डंडे से प्रसाद पर हमला कर दिया। डंडा टूटने तक वह उसे पीटता रहा। इसके बाद प्रसाद को जमीन पर पटककर लात-मुक्कों से बेरहमी से मारा। अपने दोस्त को पिटते देख हीरासिंह ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो समारू ने उस पर भी हमला कर दिया। पूरी रात घायल हालत में घर में पड़ा रहा प्रसाद डर के कारण हीरासिंह वहां से भागकर अपने घर पहुंचा और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। हमले के बाद घायल प्रसाद पूरी रात खून से लथपथ हालत में अपने ही घर में पड़ा रहा। सुबह जब ग्रामीणों को घटना का पता चला तो उसे पौड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर प्राथमिक उपचार के बाद प्रसाद की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान पखवाड़े भर बाद उसकी मौत हो गई। पंचपेडी में खेत में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के पंचपेडी गांव में बुधवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव पीडीएस भवन के पास खेत में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव देखा तो इसकी सूचना पूरे गांव में फैल गई। ग्रामीणों के मुताबिक, सुबह जब वे खेतों की ओर गए, तो उन्होंने शव देखा। शव से बदबू आ रही थी, जिससे अनुमान है कि यह दो दिन से ज्यादा पुराना है। शव के सिर पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि यह हत्या है या कोई और घटना। अभी नहीं हो पाई मृतक की पहचान मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। ग्रामीणों के अनुसार, यह पता नहीं चल पाया है कि मृतक स्थानीय है या कोई बाहरी व्यक्ति। शव की हालत ऐसी है कि उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि कोई भी शव के पास न जाए, ताकि सबूत सुरक्षित रहें। फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत उरगा पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है। फोरेंसिक टीम शव और घटनास्थल से सबूत इकट्ठा करेगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और लापता लोगों की जानकारी भी देखी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण होगा स्पष्ट पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान के बाद होगा खुलासा पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मृतक की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।