समाचार · मध्य प्रदेश
स्कूटी सवार दादा और दो पोतियों समेत 4 की मौत:रीवा में रक्षाबंधन के लिए खरीदारी कर लौट रहे थे; तेज रफ्तार बाइक सामने से भिड़ी
रीवा के गुढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी की जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के दादा और उनकी दो पोतियों समेत 4 लोगों की मौत हो गई। हादसा भैरव बाबा मोड़ के पास हुआ। स्कूटी पर 55 वर्षीय विंध्यवासिनी तिवारी उर्फ बबलू अपनी दो पोतियों शिवी (4) और शक्ति (5) के साथ सवार थे। हादसे में शिवी की मौके पर ही मौत हो गई। शक्ति और उनके दादा विंध्यवासिनी तिवारी गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं बाइक सवार पंकज सिंह (22), निवासी मझौली, सीधी की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। रक्षाबंधन की खरीदारी कर लौट रहे थे चौड़ीयार निवासी दोनों बच्चियां रक्षाबंधन के लिए गुढ़ बाजार में खरीदारी करने आई थीं। बाजार से लौटते समय रास्ते में उन्हें उनके दादा मिल गए। इसके बाद दोनों बच्चियां दादा के साथ स्कूटी से घर लौटने लगीं। इसी दौरान भैरव बाबा मोड़ के पास सीधी की तरफ से रीवा की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक उनकी स्कूटी से सामने से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार दादा और दोनों बच्चियां सड़क पर जा गिरे। मौके पर मची चीख-पुकार हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। 4 साल की शिवी तिवारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं 5 साल की शक्ति तिवारी और उनके दादा विंध्यवासिनी तिवारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। दूसरी ओर बाइक सवार पंकज सिंह की हालत भी गंभीर थी। इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। बाइक पर सवार थे तीन युवक बताया जा रहा है कि बाइक पर तीन युवक सवार थे। पुलिस बाइक पर सवार अन्य युवकों और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक जानकारी में बाइक की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है। एक ही परिवार में तीन मौतों से मातम दादा और दो मासूम पोतियों की मौत से चौड़ीयार गांव में मातम पसरा है। रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए बाजार आई बच्चियों के साथ हुए हादसे से परिवार में दुख का माहौल है। गुढ़ थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।