समाचार · छत्तीसगढ़
रायपुर में युवक ने शिव-हुनमान मंदिर में प्रतिमा तोड़ी:नौकरी नहीं मिलने से था नाराज, छेनी-हथौड़ी से की वारदात, CCTV कैमरों की मदद से पुलिस ने पकड़ा
रायपुर के गुढ़ियारी इलाके के पड़ाव स्थित मंदिर में भगवान शिव, हनुमान जी और सांई बाबा की प्रतिमा तोड़ने का मामला गुरुवार 27 अगस्त को सामने आया है। स्थानीय रहवासियों की सूचना पर पुलिस ने मामलें में जांच करके एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम हेमंत अग्रवाल बताया जा रहा है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला गुढ़ियारी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को प्रवीण लांजेवर ने गुढ़ियारी थाने में लिखित शिकायत दी। उन्होंने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने शिव-हनुमान मंदिर परिसर में प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की घटनास्थल के आस पास लगे CCTV फुटेज खंगाले। संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। आरोपी की पहचान हेमंत अग्रवाल (42), निवासी मेन बाजार के पास पड़ाव गुढ़ियारी के रूप में हुई है। पुलिस जांच के अनुसार हेमंत बेरोजगार था और मंदिर के पास से रोजाना आते-जाते समय अपनी स्थिति को लेकर भगवान के प्रति नाराजगी रखता था। उसे लगता था कि भगवान उसका साथ नहीं दे रहे हैं और वह इसी तरह बेरोजगार रहेगा। पुलिस के मुताबिक इसी नाराजगी में 27 अगस्त की रात करीब 3 बजे हेमंत अपने घर से छैनी और हथौड़ा लेकर मंदिर पहुंचा। उसने मंदिर परिसर में स्थापित हनुमानजी, शिवलिंग और साईंजी की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वह औजार अपने साथ घर ले गया और उन्हें छिपा दिया। निशानदेही पर औजार बरामद, जेल भेजा पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घर से घटना में प्रयुक्त छैनी-हथौड़ा बरामद किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।