समाचार · छत्तीसगढ़
विश्व हिंदू परिषद घर-घर पहुंचेगी, हित चिंतक अभियान शुरू:गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में हर परिवार को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में विश्व हिंदू परिषद की जिला बैठक पटियाला हाउस में हुई। बैठक में मध्य भारत क्षेत्र के संगठन मंत्री राजाराम जी, विहिप के प्रांत अध्यक्ष डॉ. ललित मखीजा और प्रांत सह मंत्री विजय राठौर ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। इस दौरान संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और हित चिंतक अभियान को लेकर चर्चा की गई। बैठक में तय किया गया कि हित चिंतक अभियान के तहत जिले के हर क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया जाएगा। ज्यादा से ज्यादा परिवारों तक पहुंचकर उन्हें संगठन से जोड़ने और उसके कामों व उद्देश्यों की जानकारी देने पर जोर दिया गया। इसके लिए मोबाइल ऐप की मदद से भी परिवारों से संपर्क किया जाएगा। जिला अध्यक्ष हर्ष छाबरिया ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के हर परिवार तक पहुंचकर संगठन का संपर्क और विस्तार मजबूत करना जरूरी है। बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारियां ईमानदारी से निभाने और तय समय में संगठन के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई। बैठक का संचालन जिला मंत्री प्रकाश साहू ने किया। इस दौरान बजरंग दल के विभाग संयोजक सागर पटेल, जिले के पदाधिकारी और विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। हित चिंतक अभियान के जरिए विश्व हिंदू परिषद जिले के हर परिवार तक पहुंचने, लोगों से सीधा संपर्क बढ़ाने और संगठन की गतिविधियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।