Monday, 26 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

नीमच में नाकाबंदी तोड़कर भाग रही पिकअप पलटी:35 लाख का 700 किलो डोडाचूरा जब्त, मौके से दो तस्कर गिरफ्तार

INT News25 October 2026 at 10:36 pm

नीमच जिले में जीरन थाना पुलिस ने 700 किलो डोडाचूरा जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चेकिंग के दौरान बैरिकेडिंग में टक्कर मारकर भागे थे। पीछा करने पर उनकी पिकअप पिपलिया नाथावत फंटे के पास पलट गई। 35 कट्टों में भरा था डोडाचूरा पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को हरकियाखाल पुलिस सहायता केंद्र के सामने चेकिंग चल रही थी। इस दौरान पिकअप (MP-13-GA-9723) को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक बैरिकेडिंग में टक्कर मारकर यू-टर्न लेते हुए भागने लगा। पुलिस टीम ने सरकारी वाहन से उसका पीछा किया। पिपलिया नाथावत फंटे के पास तेज रफ्तार के कारण पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। तलाशी में 35 कट्टों में भरा 700 किलो डोडाचूरा मिला। पुलिस ने मौके से लालसिंह (38) और नरेन्द्रसिंह (40), निवासी पिपलिया नाथावत को गिरफ्तार किया। वाहन समेत 40 लाख रुपए का माल जब्त पुलिस के मुताबिक, डोडाचूरा की कीमत करीब 35 लाख रुपए और वाहन समेत जब्त माल की कुल कीमत 40 लाख रुपए है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और किसे सप्लाई किया जाना था।