Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

15 अगस्त को रांची में क्या खुलेगा और क्या रहेगा बंद? स्कूल, बाजार, बैंक, सरकारी कार्यालय और ट्रैफिक की पूरी जानकारी

INT News14 August 2026 at 03:45 am

रांची: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को रांची में कई सेवाओं और संस्थानों की व्यवस्था बदली रहेगी. शनिवार को पड़ रहे स्वतंत्रता दिवस के कारण सरकारी कार्यालय और बैंक बंद रहेंगे. स्कूलों में नियमित कक्षाएं नहीं होंगी, जबकि कई शिक्षण संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे. वहीं अस्पताल और अन्य जरूरी सेवाएं सामान्य व्यवस्था के तहत जारी रहेंगी. रांची में 15 अगस्त के कार्यक्रमों को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था भी अहम होगी, हालांकि ट्रैफिक पुलिस की ओर से अंतिम रूट चार्ट अभी जारी नहीं किया गया है.

सरकारी कार्यालय रहेंगे बंद

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकारी कार्यालयों में सामान्य कामकाज नहीं होगा. आजादी के अवसर पर कल पूरे देश में सरकारी छुट्टी रहती है. इसलिए सरकारी काम से जुड़े लोगों को 15 अगस्त के बजाय अगले कार्यदिवस में संबंधित कार्यालय जाना होगा.

बैंक शाखाओं में नहीं होगा सामान्य कामकाज

15 अगस्त को बैंक शाखाएं भी बंद रहेंगी. ऐसे में बैंक में नकद जमा, निकासी, चेक से जुड़े काम या अन्य शाखा आधारित सेवाओं के लिए ग्राहकों को अगले कार्यदिवस का इंतजार करना पड़ सकता है. हालांकि डिजिटल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और यूपीआई जैसी ऑनलाइन सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है.

स्कूल-कॉलेज में नियमित पढ़ाई नहीं

स्वतंत्रता दिवस के कारण 15 अगस्त को स्कूलों में नियमित कक्षाएं नहीं चलेंगी. कई स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडोत्तोलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य आयोजन किये जाते हैं. रांची के स्कूलों के शैक्षणिक कैलेंडर में भी 15 अगस्त को Independence Day के रूप में दर्ज किया गया है.

बाजार और मॉल के लिए एक जैसा आदेश नहीं

आपकी जानकारी के लिए बता दें, रांची के बाजारों और मॉल को लेकर पूरे शहर में एक समान बंदी का आदेश प्रशासन के तरफ से अभी तक जारी नहीं किया गया है. स्वतंत्रता दिवस पर कुछ बाजार और निजी प्रतिष्ठान अपने-अपने हिसाब से खोलने और बंद करने का समय निर्धारित कर सकते हैं. इसलिए जिस बाजार या मॉल में जाना है, वहां की स्थानीय सूचना को प्राथमिकता देना बेहतर होगा.

अस्पताल और जरूरी सेवाएं रहेंगी जारी

अस्पताल, पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक सेवाएं छुट्टी के बावजूद अपनी व्यवस्था के अनुसार काम करती रहेंगी. किसी आपात स्थिति में लोगों को इन सेवाओं के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं होगी.

ट्रैफिक पर अभी अंतिम रूट चार्ट का इंतजार

15 अगस्त को रांची में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम और अन्य आयोजनों के कारण ट्रैफिक व्यवस्था महत्वपूर्ण रहेगी. रांची में स्वतंत्रता दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल भी हो चुकी है, जिससे प्रशासनिक तैयारियों का अंदाजा लगाया जा सकता है.

हालांकि 15 अगस्त के लिए रांची ट्रैफिक पुलिस का अंतिम रूट चार्ट अभी जारी नहीं हुआ है. इसलिए फिलहाल किन सड़कों पर डायवर्जन होगा, किस रास्ते पर नो-एंट्री रहेगी या किन मार्गों से वाहनों को भेजा जाएगा, इसकी अंतिम जानकारी सामने नहीं आयी है. रूट चार्ट जारी होने के बाद इस खबर को अपडेट किया जा सकता है.