समाचार · मध्य प्रदेश
डिंडोरी में 1.5 इंच बारिश, कृषि वैज्ञानिक ने दी सलाह:बारिश रुकने पर फसलों पर करें कीटनाशक का छिड़काव; मक्का में इल्ली लगने की शिकायतें
डिंडोरी जिले में गुरुवार सुबह से रुक-रुक कर रिमझिम बारिश हो रही है। जिले में अब तक औसत से 11 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं, कृषि वैज्ञानिक ने किसानों को बारिश रुकने के बाद फसलों पर कीटनाशक के इस्तेमाल की सलाह दी है।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अवधेश पटेल ने बताया कि बारिश से धान की फसल को ज्यादा नुकसान नहीं है, हालांकि कहीं-कहीं हल्का पीलापन (झुलसा रोग) दिख रहा है। मक्का की फसल में इल्ली लगने की शिकायतें मिल रही हैं।
इसके अलावा, कोदो कुटकी, रमतिला और अरहर की फसलों को उन खेतों में नुकसान की आशंका है, जहां ज्यादा पानी रुक रहा है। ढलान वाले खेतों में नुकसान की संभावना कम है।
डॉ. पटेल ने किसानों को सलाह दी है कि वे जैविक या रासायनिक कीटनाशक का छिड़काव तभी करें, जब बारिश 4 से 6 घंटे तक रुकी रहे और अगले 4 से 6 घंटे तक बारिश न हो। बारिश में छिड़काव करने से दवा बह जाती है।
पिछले 24 घंटे में डिंडोरी में डेढ़ इंच, अमरपुर में एक इंच, समनापुर, बजाग, करंजिया, शहपुरा और मेहंदवानी में आधा-आधा इंच बारिश दर्ज की गई है।
एक जून से अब तक डिंडोरी में 63 इंच, अमरपुर में 39 इंच, समनापुर में 31 इंच, बजाग में 47 इंच, करंजिया में 42 इंच, शहपुरा में साढ़े 32 इंच और मेहंदवानी में 23 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। जिले में अब तक औसतन 40 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है।