Thursday, 3 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बारिश के पानी से भरी नाली में गिरा युवक:लघुशंका के लिए गया था, डूबने से मौत; रात में पिता ने नाली में देखा

INT News3 September 2026 at 11:52 am

मैहर जिले के कंचनपुर गांव में बुधवार-गुरुवार की रात एक युवक की नाली में डूबने से मौत हो गई। वह लघुशंका के लिए घर से बाहर निकला था। बारिश के कारण नाली ओवरफ्लो हो रही थी, जिसमें वह गिर गया और पानी के तेज बहाव में डूब गया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय कल्लू साकेत के रूप में हुई है। वह महेश साकेत का बेटा था। परिजनों ने बताया कि कल्लू रात में लघुशंका के लिए घर से बाहर गया था। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा, तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। उन्हें कल्लू घर के बाहर नाली में डूबा हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलने पर देर रात डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने युवक को नाली से बाहर निकाला और सिविल अस्पताल अमरपाटन ले गई। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। नाली में डूबा मिला मृतक के पिता महेश साकेत ने बताया कि परिवार के लोग सो रहे थे। तभी घरवालों ने कल्लू के नहीं मिलने की जानकारी दी। बाहर जाकर तलाश करने पर वह नाली में डूबा मिला। घरवालों ने बताया कि वह रात को लघुशंका के लिए गया था। नादन देहात पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में नालियां ओवरफ्लो हो रही हैं। ऐसे में प्रशासन लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रहा है।