Thursday, 3 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बैतूल में अगले चार दिन बारिश के दौर की संभावना:जिले का आंकड़ा सुधरने की उम्मीद; अब तक पिछले साल से 8.3 इंच कम वर्षा

INT News3 September 2026 at 11:37 am

बैतूल जिले में कुल बारिश का आंकड़ा अभी भी पिछले साल से काफी पीछे है। आज (3 सितंबर) सुबह 8 बजे तक जिले में औसतन 601.6 मिमी (23.7 इंच) बारिश दर्ज हुई है। पिछले साल इसी समय तक 812.6 मिमी (32 इंच) बारिश हो चुकी थी। इस तरह इस बार जिला औसत 211 मिमी (करीब 8.3 इंच) पीछे है। 27 अगस्त तक जिले में औसत बारिश 591.8 मिमी थी। इसके बाद हुई बारिश से यह आंकड़ा बढ़कर 601.6 मिमी तक पहुंचा है। 3 सितंबर की सुबह तक पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 2 मिमी बारिश हुई। इस दौरान चिचोली में 8.2 मिमी और मुलताई में 5.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। अभी करीब 19 इंच कम बारिश

बैतूल बारिश मापी केंद्र पर इस बार अब तक 487 मिमी (19.2 इंच) बारिश हुई है। पिछले साल इसी तारीख तक 558.6 मिमी (22 इंच) बारिश हो चुकी थी। यहां भी इस साल करीब 2.8 इंच कम बारिश दर्ज की गई है। जिले की सामान्य औसत बारिश 1083.9 मिमी (42.7 इंच) है। इसके मुकाबले अभी करीब 19 इंच बारिश कम है। यानी सामान्य से लगभग 45 प्रतिशत बारिश की कमी बनी हुई है। 3 सितंबर तक तहसीलवार बारिश के आंकड़ों में चिचोली 818.2 मिमी (32.2 इंच) के साथ सबसे आगे है। घोड़ाडोंगरी में 780.7 मिमी (30.7 इंच) और भीमपुर में 713.2 मिमी (28.1 इंच) बारिश हुई है। सबसे कम बारिश आठनेर में 359.6 मिमी (14.2 इंच) दर्ज की गई है। 7 सितंबर तक बारिश के दौर की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 3 और 4 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है। 5 सितंबर को मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है। 6 और 7 सितंबर को भी बारिश या गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। अगर बारिश का यह दौर आगे बढ़ता है, तो जिले की बारिश का आंकड़ा सुधर सकता है। साथ ही, पहाड़ी क्षेत्रों में बह रहे झरनों और छोटे जलस्रोतों में भी पानी बढ़ने की संभावना है।