समाचार · मध्य प्रदेश
मऊगंज में बड़े भाई की हत्या करने वाला गिरफ्तार:लाठी और चाकू मिला, लौर पुलिस ने एक बाइक भी पकड़ा
मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र में सगे छोटे भाई ने मामूली विवाद में अपने बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया था, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने एक बाइक चोर को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। लौर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल के मुताबिक, 10 जुलाई को गनिगवां निवासी अखिलेश सोंधिया (31) ने थाने आकर सूचना दी कि उसके छोटे भाई नीलेश सोंधिया ने मझले भाई विमलेश सोंधिया (30) की हत्या कर दी है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। शनिवार को छोटे भाई नीलेश सोंधिया (23) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस को आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लाठी और चाकू मिले हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल (न्यायिक अभिरक्षा) भेज दिया गया है। दूसरी घटना: 50 हजार की चोरी की बाइक समेत चोर गिरफ्तार लौर पुलिस ने चोरी के एक अन्य मामले में शनिवार को बाइक के साथ आरोपी को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को रीवा जिले के धोबिया टंकी (सिटी कोतवाली) निवासी रघुवीर कुमार प्रजापति ने अपनी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 17 NA 3079) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला दर्ज कर जब पुलिस जांच में जुटी, तो मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की गई बाइक लौर थाना क्षेत्र के कनकेशरा गांव में है। पुलिस टीम ने तुरंत कनकेशरा गांव में दबिश देकर वहां के निवासी संतोष कुमार पटेल (42) को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी के पास से चोरी की बाइक मिली, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।