समाचार · मध्य प्रदेश
छतरपुर में पुलिस के सामने महिला को पीटा, मौत:प्रेम-प्रसंग मामले में मारपीट, परिजनों का आरोप- घायल महिला को 1 घंटे थाने में बैठाया
छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र स्थित कुम्हार टोली में शनिवार को 55 वर्षीय हरकुंवर प्रजापति की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया गया कि यह घटना तीन महीने पुराने प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद के कारण हुई। गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। महिला के के बेटे राजेंद्र प्रजापति ने बताया कि शनिवार को तेज बारिश के कारण उनकी मां हरकुंवर प्रजापति घर में भरा पानी बाहर निकालने गई थीं। इसी दौरान बद्री प्रजापति, सोनू, सचिन, कोमल प्रजापति, रोशनी प्रजापति, विमला, कल्लू और रोहणी सहित अन्य लोग लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। पुलिस के सामने भी आरोपियों ने पीटा राजेंद्र का आरोप है कि घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन आरोपियों ने पुलिस के सामने भी मारपीट जारी रखी। जब राजेंद्र ने अपनी मां को बचाने का प्रयास किया, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। परिजनों के अनुसार, इस विवाद की जड़ करीब तीन महीने पुराना प्रेम प्रसंग है। मृतका का छोटा बेटा पवन प्रजापति और आरोपी कोमल प्रजापति की बेटी 25 अप्रैल को घर से चले गए थे। इसके बाद से लड़की पक्ष लगातार लड़के के परिवार पर दबाव बना रहा था। लड़के के परिजनों का कहना था कि उन्हें दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं है, लेकिन इसी संदेह और रंजिश के चलते आरोपियों ने हरकुंवर प्रजापति को निशाना बनाया। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए जिला अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मृतका का पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा। पुलिस पर गंभीर आरोप: गंभीर हालत में भी एक घंटे थाने में बिठाया
इस दुखद घटना में पुलिस की संवेदनहीनता भी सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि घायल हरकुंवर को पहले नौगांव सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए उन्हें थाने बुला लिया। मृतका की हालत बेहद गंभीर थी, इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें करीब एक घंटे तक थाने में बैठाए रखा। जब महिला की हालत लगातार बिगड़ने लगी, तब जाकर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों में पुलिस की इस लेटलतीफी को लेकर भारी आक्रोश है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।