समाचार · मध्य प्रदेश
गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग:श्रीराम सेना मैहर से बागेश्वर धाम तक निकाल रही जन जागरण संकल्प यात्रा
मैहर में 'श्रीराम सेना' ने गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर 'जन जागरण संकल्प यात्रा' की शुरुआत की। शनिवार शाम को मां शारदा मंदिर में पूरी विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ इस यात्रा का आगाज हुआ, जो बागेश्वर धाम तक जाएगी। श्रीराम सेना के प्रांत मंत्री शिवम पांडेय के नेतृत्व में शुरू हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं और संगठन के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह लोगों को गौ संरक्षण करने और भारतीय संस्कृति को बचाने का संदेश दिया। संगठन ने जनता से अपील की कि वे गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की इस मुहिम से जुड़ें और अपनी आवाज बुलंद करें। जनसमर्थन जुटाने की कोशिश, सरकारों को सौंपेंगे ज्ञापन संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि श्रीराम सेना लंबे समय से गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग उठाती रही है। इसी सिलसिले में देश और प्रदेश के लोगों का समर्थन जुटाने के लिए इस भव्य जन जागरण संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया है। यात्रा के समापन के बाद, आने वाली 27 जुलाई को इस मांग को लेकर मैहर कलेक्टर के जरिए राज्य और केंद्र सरकार के नाम एक मजबूत ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। जयकारों से गूंजा मार्ग, ये पदाधिकारी रहे शामिल यात्रा के दौरान पूरे रास्ते जय श्रीराम और धार्मिक नारों के साथ माहौल भक्तिमय बना रहा। इस जन जागरण यात्रा में मुख्य रूप से श्रीराम सेना के प्रांत मंत्री शिवम (शिब्बू) पांडेय, जिला अध्यक्ष पंकज गुप्ता, वासु तिवारी, रजनीश मिश्रा, नारायण पांडे, आकाश विश्वकर्मा, अक्षय और सोनू पांडे समेत भारी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता और रामभक्त शामिल हुए।