Saturday, 11 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मुंबई से पकड़ाया ड्रग सप्लायर:मऊगंज में नशीले पदार्थ बनाने और बेचने वाले अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार

INT News11 July 2026 at 09:29 pm

मऊगंज जिले की शाहपुर थाना पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत दर्ज एक मामले की जांच करते हुए राज्यों के बीच फैले मादक पदार्थों की तस्करी और सप्लाई नेटवर्क का खुलासा किया। इस अंतरराज्यीय रैकेट में पुलिस अब तक 5 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है। पुलिस के मुताबिक, पिछले दिनों पकड़े गए आरोपी चंदन सिंह से जब कड़ी पूछताछ की गई और तकनीकी सबूत (कॉल डिटेल व अन्य डेटा) खंगाले गए, तो एक बड़े नेटवर्क का पता चला। इसी आधार पर पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के मुंबई से सुनील यादव (35, पिता कपिलदेव यादव) को गिरफ्तार किया और शनिवार को उसे मऊगंज लेकर आई। दो साल से चल रहा था नशीले पदार्थों का यह खेल पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मऊगंज के चंदन सिंह और मुंबई के सुनील यादव के बीच करीब दो साल पहले संपर्क हुआ था। देखते ही देखते दोनों मिलकर नशीले पदार्थों की सप्लाई, ट्रांसपोर्टेशन और डिलीवरी के इस अवैध धंधे को बड़े पैमाने पर चलाने लगे। जांच के मुताबिक, चंदन सिंह जो माल तैयार करता था, उसे सुनील यादव तक पहुंचाया जाता था। इसके बाद सुनील अपने दूसरे गुर्गों और साथियों की मदद से उसे अलग-अलग शहरों में ऊंचे दामों पर बिकवाता था। नेटवर्क के बाकी मददगारों की तलाश जारी मऊगंज के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरेआम ने शनिवार शाम को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पूरे रैकेट में नशीले पदार्थों को मंगाने, भेजने, बेचने और पैसों के लेन-देन (वित्तीय ट्रांजैक्शन) से जुड़े कुल 5 आरोपियों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। पकड़े गए सभी तस्करों के खिलाफ पुख्ता सबूतों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस अब इस गैंग से जुड़े अन्य तस्करों का पता लगा रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।