Tuesday, 22 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment

रिलीज से पहले 'राका' का धमाका अल्लू अर्जुन और एटली ने रचा इतिहास, नाम दर्ज हुआ गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

INT News22 September 2026 at 10:51 am

अल्लू अर्जुन और एटली की मच अवेटेड फिल्म 'राका' रिलीज से पहले ही ऐसी वजह से चर्चा में आ गई है, जिसने पूरी फिल्म इंडस्ट्री का ध्यान खींच लिया है. फिल्म की टीम ने कैमरे के सामने कुछ ऐसा कर दिखाया है, जिसे करना आसान नहीं था. खास बात यह है कि इस कारनामे में एक साथ 37 लोग शामिल थे और अब इस उपलब्धि को आधिकारिक पहचान भी मिल गई है. आखिर 'राका' की टीम ने ऐसा क्या किया कि फिल्म का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हो गया?

एक साथ 37 लोगों का हुआ रियल-टाइम मोशन कैप्चर

'राका' की टीम ने "एक साथ सबसे ज्यादा लोगों का रियल-टाइम मोशन कैप्चर" करने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. यह उपलब्धि फरवरी 2026 में किए गए एक खास मोशन-कैप्चर शूट के दौरान हासिल की गई थी. इस शूट में एक ही समय पर 37 कलाकारों को रियल टाइम में कैप्चर किया गया. खास बात यह रही कि इसमें 4 साल के बच्चे से लेकर 70 साल की उम्र के व्यक्ति तक शामिल थे. सभी 37 लोगों की अलग-अलग परफॉर्मेंस को एक साथ सही तरीके से कैप्चर करना टीम के लिए बड़ी चुनौती थी.

View on Instagram

92 कैमरों से तैयार किया गया खास सेटअप

इस रिकॉर्ड को हासिल करने के लिए फिल्म की टीम ने 92 ऑप्टिकल मोशन-कैप्चर कैमरों का इस्तेमाल किया. इसके लिए फिल्म की दृश्य प्रभाव टीम ने एक खास मोशन-कैप्चर पाइपलाइन और वर्कफ्लो तैयार किया था. पूरे तकनीकी सेटअप में कैमरा कैप्चर, कैलिब्रेशन, नेटवर्किंग, सिंक्रोनाइजेशन, रियल-टाइम विजुअलाइजेशन और चेहरे के भावों को कैप्चर करने जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया.

सितंबर में मिला आधिकारिक सर्टिफिकेट

'राका' की टीम ने रिकॉर्ड फरवरी में बनाया था, लेकिन इसे आधिकारिक तौर पर 15 सितंबर 2026 को मान्यता मिली. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के वरिष्ठ निर्णायक स्वप्निल डांगरीकर ने एक खास समारोह में अल्लू अर्जुन और निर्देशक एटली को आधिकारिक प्रमाणपत्र सौंपा. इस दौरान फिल्म से जुड़े कई प्रमुख कलाकार और क्रू मेंबर भी मौजूद रहे.

View on Instagram

अल्लू अर्जुन ने बताया गर्व का पल

इस उपलब्धि पर अल्लू अर्जुन ने खुशी जाहिर की. उन्होंने इसे पूरी टीम के लिए गर्व का पल बताया और कहा कि यह उपलब्धि निर्देशक एटली की सोच, पूरी टीम की मेहनत और सन पिक्चर्स के सहयोग के बिना संभव नहीं होती. अल्लू अर्जुन ने यह भी कहा कि इस उपलब्धि ने सिनेमा की सीमाओं को आगे बढ़ाने और वैश्विक स्तर पर एक नया मानक बनाने का काम किया है.

एटली बोले- कभी नहीं सोचा था ऐसा रिकॉर्ड बनाएंगे

निर्देशक एटली ने भी इस उपलब्धि पर अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने बताया कि बचपन में वह गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के बारे में सुना करते थे और कभी नहीं सोचा था कि एक दिन उनकी टीम भी ऐसा रिकॉर्ड बनाएगी. एटली के मुताबिक, एक ही शूट में 37 मोशन-कैप्चर कलाकारों को एक साथ कैप्चर करना उनके लिए बेहद खास और यादगार अनुभव रहा.

View on Instagram

अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण आएंगे नजर

'राका' का निर्देशन एटली कर रहे हैं और फिल्म का निर्माण कलानिधि मारन की सन पिक्चर्स के बैनर तले किया जा रहा है. फिल्म में अल्लू अर्जुन के साथ दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में नजर आएंगी. फिलहाल फिल्म की शूटिंग जारी है और यह 2027 में थिएटर्स में दस्तक दे सकती है.

ये भी पढ़ें: Bigg Boss 20 X Review: Aman पर फूटा फैंस का गुस्सा, यंग DSA की निकली सच्चाई, जानें X यूजर्स के रिएक्शन

ये भी पढ़ें: Drishyam 3 में विजय सालगांवकर की कहानी का होगा The End? डायरेक्टर ने पार्ट 4 पर दिया सैवेज रिप्लाई