समाचार · झारखंड
Breaking News: धनबाद में एनकाउंटर, प्रिंस खान के शूटर चंदन ठाकुर और प्रिंस के कमर में लगी गोली, दो अन्य भी धराये

Breaking News: दो दिन पहले धनबाद के बासेपुर में फहीम खान के भाई पर गोलीबारी करने वाले प्रिंस खान के शूटर को धनबाद पुलिस ने हाफ एनकाउंटर कर दिया. बासेपुर में फहीम खान के भाई सहित तीन लोगों को गोली मारने के बाद चंदन ठाकुर अपने मामा जोधन ठाकुर, प्रिंस और आमिर के साथ ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में छुपा हुआ था. धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने सूचना मिलने पर जब वहां पुलिस की टीम भेजी तो उन लोगों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी.
जवाबी कार्रवाई में शूटर चंदन ठाकुर व प्रिंस के कमर में गोली लगी. मौके से भाग रहे चंदन ठाकुर के मामा जोधन ठाकुर और आमिर को गिरफ्तार कर लिया गया. सनद रहे बासेपुर में चंदन ठाकुर ने गोली चलायी थी, जबकि उसकी बाइक प्रिंस चला रहा था. मामले में रेकी आमिर ने की थी. बासेपुर घटना के मात्र दो दिन के अंदर धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने मामले का उदभेदन कर दिया है. घायलों का इलाज कराया जा रहा है.