समाचार · मध्य प्रदेश
युवक को पीठ में चाकू मारा:मंडला से जबलपुर रेफर, जिन 2 युवकों से 1 लाख 80 उधार लेने उन्हीं ने किया हमला
मंडला शहर की राजीव कॉलोनी में बुधवार रात पैसों के लेन-देन के विवाद में चाकूबाजी की घटना सामने आई। मोंटफोर्ट स्कूल के पास रात करीब 8 बजे 36 वर्षीय इम्तियाज खान पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। पीठ और हाथ में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टर ने उन्हें मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया है। घायल इम्तियाज खान ने बताया कि उन्हें मोहल्ले के ही रहने वाले सलमान से 80 हजार और आरिफ से करीब 1 लाख रुपए लेने हैं। इसी उधारी की रकम को लेकर वे बात कर रहे थे, तभी सलमान, आरिफ और शिब्बू समेत अन्य लोग वहां आ पहुंचे। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरिफ ने इम्तियाज की पीठ पर चाकू से वार कर दिया, वहीं दूसरा हमला रोकने में उनके अंगूठे में चोट आ गई। जिला अस्पताल के डॉक्टर प्रवीण उइके ने बताया कि पीड़ित की पीठ पर 5 से 6 सेंटीमीटर गहरा घाव है, जिस पर टांके लगाए गए हैं। डबल मनी कारोबार से जुड़े तार, जांच शुरू वारदात के बाद इलाके में 'डबल मनी' के कारोबार को लेकर चर्चाएं गर्म हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चाकूबाजी की असली वजह व आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।