समाचार · झारखंड
तीन नए जजों ने संभाली झारखंड हाईकोर्ट की जिम्मेदारी, जस्टिस अखिल कुमार ने हिंदी में ली शपथ, मनोज प्रसाद और राम शर्मा ने अंग्रेजी में

Jharkhand High Court. झारखंड हाइकोर्ट के नवनियुक्त तीन न्यायाधीशों ने बुधवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. चीफ जस्टिस एमएस सोनक ने बारी-बारी से जस्टिस मनोज प्रसाद, जस्टिस अखिल कुमार और जस्टिस राम शर्मा को झारखंड हाइकोर्ट के न्यायाधीश पद की शपथ दिलायी. जस्टिस अखिल कुमार ने हिंदी में, जबकि जस्टिस मनोज प्रसाद और जस्टिस राम शर्मा ने अंग्रेजी में शपथ ली.
नवनियुक्त न्यायाधीशों के परिजन और रिश्तेदार मौजूद
इससे पहले हाइकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा ने केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना और राष्ट्रपति द्वारा जारी नियुक्ति वारंट का पाठ किया. शपथ ग्रहण समारोह में हाइकोर्ट के न्यायाधीशों के अलावा नवनियुक्त न्यायाधीशों के परिजन, रिश्तेदार और अधिवक्ता मौजूद थे. तीनों न्यायाधीशों के शपथ लेने के साथ ही झारखंड हाइकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 16 हो गयी है.
ये भी पढ़ें: '30 सितंबर के बाद नहीं मिलेगा सुधार का मौका': झारखंड में SIR का आखिरी पड़ाव, CEO के. रवि कुमार ने की ये अपील
शपथ के बाद मामलों की सुनवाई भी की
शपथ ग्रहण के बाद नवनियुक्त न्यायाधीशों ने अलग-अलग खंडपीठ में बैठकर सूचीबद्ध मामलों की सुनवाई भी की. चीफ जस्टिस एमएस सोनक की अध्यक्षतावाली खंडपीठ में जस्टिस मनोज प्रसाद बैठे. वहीं, जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद के साथ जस्टिस अखिल कुमार तथा जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय के साथ जस्टिस राम शर्मा की खंडपीठ ने सूचीबद्ध मामलों की सुनवाई की.
ये भी पढ़ें: गुमला में तेज रफ्तार बोलेरो का कहर : कुछ दूरी पर दो बाइक-स्कूटी को मारी टक्कर, 1 की मौत