समाचार · मध्य प्रदेश
बुरहानपुर में 2 देसी पिस्टल जब्त, नाबालिग भी शामिल:तीन दिन पहले 13 पिस्टल मिलने के बाद फिर कार्रवाई
बुरहानपुर जिले की खकनार थाना पुलिस ने दो देसी पिस्टलें जब्त की हैं। इस कार्रवाई में एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को पकड़ा गया है। यह घटना तीन दिन पहले एक आरोपी से 13 पिस्टल और 45 जिंदा कारतूस बरामद होने के बाद हुई है, जिससे जिले में अवैध हथियार तस्करी जारी रहने का संकेत मिलता है। खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम तुकईथड़ के पास दो व्यक्ति अवैध हथियार लेकर बैठे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश दी। मौके से एक विधि विरूद्ध बालक को पकड़ा गया, जिसके कब्जे से लगभग 50 हजार रुपये मूल्य की दो हाथ से बनी देसी पिस्टलें और एक बाइक बरामद की गईं। घेराबंदी के दौरान, बालक का साथी अकबार सिंह पिता दादर सिंह बरनाला सिकलीगर निवासी पाचौरी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी जाधव ने आगे बताया कि साल 2024 से अब तक 31 मामले दर्ज कर 63 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। इस अवधि में कुल 172 हाथ से बनी देसी पिस्टलें और 45 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं। पुलिस ने हथियार निर्माण करने वाली फैक्ट्रियों पर भी कार्रवाई की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ यह कार्रवाई सख्ती से जारी रहेगी।