Thursday, 3 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

बक्सर में दो सरकारी शिक्षकों पर अपनी ही 12 छात्राओं से दुष्कर्म का आरोप, महीनों तक ब्लैकमेलिंग की, वीडियो वायरल किया

INT News3 September 2026 at 08:53 am

12 Female Students Raped At School : बक्सर जिले के डुमरांव प्रखंड के एक मध्य विद्यालय में शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है. विद्यालय के दो शिक्षकों पर आरोप है कि उन्होंने करीब 12 नाबालिग छात्राओं के साथ दुष्कर्म किया, उनका अश्लील वीडियो बनाया और उसे वायरल भी कर दिया. मामला उजागर होने और सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद उग्र ग्रामीणों ने दोनों आरोपित शिक्षकों की जमकर पिटाई कर दी. हालांकि बाद में दोनों शिक्षक भाग निकले.

घटना पर संज्ञान लेकर जिला शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. बुधवार की देर रात तक बड़ी संख्या में ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के पास जुटे थे.

पुलिस टीम गिरफ्तारी के लिए कर रही छापेमारी

थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों से आवेदन ले लिया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गयी है. वहीं, प्रभारी डीएसपी समीर कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है. इसकी जांच करवायी जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. टीम लगातार छापेमारी कर रही है. एसपी शुभम आर्या ने कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.

वीडियो वायरल होने पर खुला राज

बताया जाता है कि दोनों शिक्षक यह शर्मनाक काम पिछले कई महीनों से कर रहे थे. आरोपी शिक्षकों ने छात्राओं को हवस का शिकार बनाने के साथ ही उनका अश्लील वीडियो भी बना लिया था. जब यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ, तब घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को हुई.

एक शिक्षक से पूछताछ की, फोन में मिले कई अश्लील वीडियो

29 अगस्त को ग्रामीण विद्यालय पहुंचे थे. वहां एक आरोपित शिक्षक को पकड़ कर उससे पूछताछ की जा रही थी. इसी बीच दूसरा शिक्षक हस्तक्षेप करने लगा. ग्रामीणों ने जब जबरन दूसरे शिक्षक का भी मोबाइल चेक किया, तो उसमें भी कई अश्लील वीडियो मिले, इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों शिक्षकों के साथ मारपीट की.

स्कूल परिसर से बाहर ले जाकर करते थे दुष्कर्म

इस घटना की शिकायत प्रधानाध्यापक ने डुमरांव के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) सुधांशु कुमार को दी. उन्होंने तुरंत विद्यालय पहुंचकर मामले की पड़ताल की और प्राथमिक जांच रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेजी. तात्कालिक रिपोर्ट के अनुसार दोनों शिक्षक स्कूल परिसर के बाहर अश्लील वीडियो बनाते थे और छात्राओं को ब्लैकमेल करते थे. इसके अलावा उनकी अन्य हरकत भी सामने आयी.

दो शिक्षकों को निलंबित किया गया

जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण के निर्देश पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) द्वारा बुधवार को दोनों शिक्षकों के खिलाफ अलग-अलग निलंबन आदेश जारी किये गये.

इस मामले में दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) से संबद्ध किया गया है. निलंबन अवधि के दौरान दोनों नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता के हकदार होंगे.

जानिए... कैसे दिया घटना को अंजाम

बताया जाता है कि पहले दोनों शिक्षक कुछ नाबालिग छात्रों को प्रलोभन देकर अपने जाल में फंसाते थे. इसके बाद दुष्कर्म का वीडियो बना कर उन्हें ब्लैकमेल करते थे. कहा यह भी जा रहा है कि वे ब्लैकमेल के दौरान छात्राओं से कहते थे कि अपनी सहेली को भी ले आओ . बताया जा रहा है कि आरोपी दोनों शिक्षक डुमरांव के आसपास के गांव के रहने वाले हैं. वे प्रतिदिन गांव से ही स्कूल आना-जाना करते थे. दोनों शिक्षकों ने किराये के घर या होटल में इन घटनाओं को अंजाम दिया है.

एक शिक्षक का ऑडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें शिक्षक शराब के नशे में लग रहा है. लड़खड़ाती आवाज में गांव के कुछ लड़कों को बता रहा है कि वह पूरे जिले का पति है. उसने कई लड़कियों से संबंध बनाये हैं. गांव के लड़के उससे वीडियो मांगते हैं, तो शिक्षक मना कर देता है. हालांकि बार-बार पूछने पर वह दो लड़कियों का नाम बताता है.

एक शिक्षक छेड़खानी में जा चुका है जेल

इन दोनों में से एक शिक्षक विवाहित है और यह अपने गांव की एक लड़की के साथ छेड़खानी के आरोप में जेल जा चुका है, जबकि दूसरा अविवाहित है. मामला उजागर होने के बाद बदनामी और लोकलाज के कारण ग्रामीण थाने नहीं गये और मामले को दबाये रखा. जब वीडियो वायरल हो गया और लगभग पूरा इलाका जान गया, तो बुधवार को ग्रामीण थाने पहुंचे और प्राथमिकी दर्ज करायी.

वीडियो होता रहा वायरल, नहीं हुई गिरफ्तारी

शर्मसार करने वाली घटना में शिक्षा विभाग, पुलिस और प्रशासनिक महकमे की जगह-जगह लापरवाही उजागर हो रही है. शर्मनाक हरकत का वीडियो कई दिनों से पूरे इलाके में वायरल था, इसके बाद भी पुलिस और अन्य जिम्मेवार अधिकारियों ने इसका समय पर संज्ञान नहीं लिया.

बीइओ ने डीइओ को रिपोर्ट भेजकर खानापूर्ति कर दी. डीइओ कार्यालय ने दोनों शिक्षकों को सस्पेंड कर अपना पल्ला झाड़ लिया. जबकि, बीइओ या स्कूल के जवाबदेह शिक्षक को इस घटना की शिकायत थाने में करनी जानी चाहिए थी या इसकी सूचना थाना को जरूर दी जानी चाहिए थी.

विभागीय कार्रवाई व पुलिस जांच तेज

शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध जल्द ही औपचारिक आरोप पत्र गठित कर सख्त विभागीय कार्रवाई की जायेगी. इसके लिए संचालन व उपस्थापन पदाधिकारी की नियुक्ति अलग से होगी. इस जघन्य कृत्य को लेकर पूरे इलाके के अभिभावकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है. पुलिस और स्थानीय प्रशासन वायरल वीडियो और परिजनों के बयानों के आधार पर कानूनी व पॉक्सो एक्ट के तहत आगे की कड़ी कार्रवाई में जुट गया है.

इसे भी पढ़ें: पटना में इंजीनियर की टीचर वाइफ का मिला डेड बॉडी, मकान में बाहर से लगा था ताला