Thursday, 16 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर युवक पर जानलेवा हमला:कार रोककर पांच बदमाशों ने धारदार हथियार और लाठी-डंडों से की मारपीट

INT News15 July 2026 at 10:18 pm

इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर नौगांव थाना क्षेत्र में एक युवक पर दिनदहाड़े हमला किया गया। कार सवार पांच बदमाशों ने उसकी गाड़ी रोककर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से मारपीट की। हमले में युवक की कार के शीशे भी तोड़ दिए गए। घायल युवक बलराम सिंह का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। बलराम सिंह ने पुलिस को बताया कि वह सीएनजी भरवाकर लौट रहा था। पटेल होटल के आगे पहुंचते ही एक कार में सवार करीब पांच बदमाशों ने उसका पीछा किया और उसकी कार के सामने अपनी गाड़ी अड़ा दी। इसके बाद बदमाशों ने उस पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। बलराम सिंह का आरोप है कि कुछ दिन पहले वह अपने मित्र रोहित सिंह सुनेरिया के साथ एक जमीन विवाद को लेकर बातचीत करने गया था। उनका मानना है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उन पर यह हमला किया गया है। इस संबंध में रोहित सिंह सुनेरिया ने बताया कि ग्राम दौलतपुर में मेड़ को लेकर उनका विवाद हुआ था। उस दौरान मारपीट भी हुई थी, लेकिन बाद में समाज के वरिष्ठ लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। सुनेरिया ने यह भी स्पष्ट किया कि बलराम सिंह का उस विवाद से कोई सीधा लेना-देना नहीं था। नौगांव थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।