Thursday, 16 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

विदिशा में चलती कार पर खतरनाक स्टंट:वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने ₹8 हजार का चालान काटा

INT News15 July 2026 at 10:18 pm

विदिशा में चलती कार पर खतरनाक स्टंट करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार चालक पर 8 हजार रुपये का चालान किया। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। वायरल वीडियो में एक सफेद रंग की i20 कार तेज रफ्तार से सड़क पर दौड़ती दिख रही है। कार के बोनट पर एक युवक बैठा है, जबकि कार के अंदर बैठे अन्य युवक खिड़कियों से हाथ बाहर निकालकर स्टंट कर रहे हैं। वीडियो के आधार पर कोतवाली पुलिस ने वाहन और चालक की पहचान की। चालक को थाने बुलाकर पूछताछ की गई। जांच में स्टंटबाजी के साथ कई यातायात नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिसके बाद मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत 8 हजार रुपये का चालान काटा गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह और थाना प्रभारी आनंद राज के नेतृत्व में की गई। चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 5/180, 184, 112/183(1), 3/181 सहित अन्य प्रावधानों के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी गलती स्वीकार की और माफी मांगी। पुलिस ने उसे भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की सख्त चेतावनी दी। पुलिस ने कहा कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है। विदिशा पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर रील बनाने या लाइक्स के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। पुलिस ने यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता देने की सलाह दी है।