समाचार · मध्य प्रदेश
एमसीएच भवन में ओटी, लेबर रूम जल्द शुरू होंगे:मंदसौर कलेक्टर ने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर परखी व्यवस्थाएं
मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग ने बुधवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मातृ एवं शिशु कल्याण (एमसीएच) भवन में ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और लेबर रूम को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से भी स्वास्थ्य सेवाओं पर फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को डॉक्टरों की बैठक व्यवस्था बेहतर करने और अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए। उन्होंने गनेडीवाल धर्मशाला के जीर्णोद्धार के लिए भी कहा। इस अवसर पर एसडीएम शिवलाल शाक्य, सीएमएचओ डॉ. गोविंद सिंह चौहान और सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. रावत भी उपस्थित थे। कलेक्टर ने मरीजों से बातचीत कर इलाज और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली, जिस पर मरीजों ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने एनसीडी शाखा में मरीजों के उपचार और दवाओं के रिकॉर्ड की भी जांच की। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके बाद कलेक्टर ने आदित्य भवन स्थित ओपीडी पहुंचकर मरीजों के परीक्षण और उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अस्थि रोग, दंत रोग, फिजियोथेरेपी, मानसिक स्वास्थ्य कक्ष, स्त्री रोग ओपीडी, बाल रोग कक्ष, लेबर रूम और पीएनसी-एनआरसी वार्ड का भी निरीक्षण किया। पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती बच्चों की माताओं और प्रसूति वार्ड में भर्ती महिलाओं से उपचार व सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई। कलेक्टर ने डॉक्टरों की उपस्थिति की समीक्षा की और निर्देश दिए कि भर्ती मरीजों के परिजनों के ठहरने के लिए अस्पताल में अलग एवं समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।