समाचार · मध्य प्रदेश
युवक की संदिग्ध हालात में मौत, रेलवे-ट्रैक पर मिला शव:नोएडा में करता था जॉब, दिल्ली से घर लौटते समय ट्रेन से गिरा
नोएडा की एक सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत ग्वालियर निवासी 22 वर्षीय समीर खान की ट्रेन से घर लौटते समय संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 11 जुलाई की सुबह विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में एजी ऑफिस पुल के नीचे रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला था। अब परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि समीर को ग्वालियर स्टेशन पर उतरना था, ऐसे में स्टेशन पार करने के बाद वह एजी ऑफिस पुल तक कैसे पहुंचा, यह सबसे बड़ा सवाल है। नवंबर में लगी थी नौकरी, घर लौटते समय हुआ हादसा आपागंज निवासी असलम खान का इकलौता बेटा समीर नवंबर 2025 में नोएडा की एक प्रतिष्ठित सॉफ्टवेयर कंपनी में नौकरी पर लगा था। 10 जुलाई की रात वह दिल्ली से भोपाल एक्सप्रेस में सवार होकर ग्वालियर लौट रहा था। ट्रेन रात करीब 12:20 बजे ग्वालियर पहुंची, लेकिन समीर घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने रात में ही रेलवे स्टेशन और जीआरपी थाने में उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। अगले दिन रेलवे ट्रैक पर मिला शव 11 जुलाई की सुबह एजी ऑफिस पुल के नीचे रेलवे ट्रैक के पास समीर का शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस और परिवार के अलग-अलग दावे पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि समीर ट्रेन से गिरा या जल्दबाजी में उतरने की कोशिश के दौरान हादसे का शिकार हो गया। वहीं परिजनों का कहना है कि ट्रेन पहले ग्वालियर स्टेशन पर रुकती है, इसलिए स्टेशन निकलने के बाद उसका वहां होना संदिग्ध है। उनका आरोप है कि ट्रेन में किसी विवाद के बाद समीर को धक्का देकर नीचे फेंका गया हो सकता है। आगरा में हुई थी आखिरी बात, फिर बंद हो गया फोन पिता असलम खान के मुताबिक, रात करीब 10:40 बजे जब ट्रेन आगरा पहुंची थी, तब समीर से उनकी आखिरी बार बात हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिजनों का कहना है कि स्टेशन पहुंचने से पहले ही फोन बंद होना और बाद में शव मिलना पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बनाता है। सीडीआर और सहयात्रियों से पूछताछ की मांग परिजनों ने पुलिस से समीर के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकलवाने, ट्रेन में सफर कर रहे सहयात्रियों से पूछताछ करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।