समाचार · मध्य प्रदेश
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रही बस ट्रैक्टर से भिड़ी:मंडला में बस चालक केबिन में फंसा; 15 घायलों को अस्पताल पहुंचाया
मंडला जिले के बम्हनी-बंजर थाना अंतर्गत पांडीवारा चौकी क्षेत्र में रविवार रात सड़क हादसा हो गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रही एक बस और ट्रैक्टर के बीच ग्राम चंदिया के पास आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि बस में सवार लोग कार्यक्रम खत्म होने के बाद बालाघाट जिले के वारासिवनी क्षेत्र लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई। अस्पताल में भर्ती कराए गए 15 घायल हादसे के तुरंत बाद डायल-112 और एंबुलेंस की मदद से घायलों को बम्हनी-बंजर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। बम्हनी अस्पताल के बीएमओ डॉ. सुमित सिंगौर ने बताया कि अस्पताल में कुल 15 घायलों को लाया गया था। इनमें से मनोज तेकाम समेत 3 लोगों की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मंडला जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। केबिन में फंसे ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला गया टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस चालक केबिन के अंदर ही फंस गया। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला। बम्हनी-बंजर थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने बताया कि ड्राइवर के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तुरंत रास्ता साफ कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घायलों की सही संख्या और हादसे की असल वजह की पड़ताल की जा रही है।