Monday, 17 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

32 साल से इंग्लैंड के खिलाफ जीत को तरसा भारत, हॉकी वर्ल्ड कप में फिर मिली हार; 4-2 से जीता इंग्लैंड

INT News17 August 2026 at 08:51 pm

हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ एक बार फिर निराशा हाथ लगी. पूल-D के मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 4-2 से हरा दिया. इस हार के साथ भारत का इंग्लैंड के खिलाफ हॉकी विश्व कप में जीत का इंतजार और लंबा हो गया है. भारत ने आखिरी बार 1994 में इंग्लैंड को विश्व कप में हराया था.

मौजूदा टूर्नामेंट में यह भारतीय टीम की पहली हार है. भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह और दिलप्रीत सिंह ने गोल किए, लेकिन दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया.

पहले हाफ में भारत का दबदबा

मुकाबले की शुरुआत भारतीय टीम ने आक्रामक अंदाज में की. सातवें मिनट में जरमनप्रीत सिंह के पास गोल करने का अच्छा मौका था, लेकिन वह इसे भुना नहीं सके. इसके बाद 14वें मिनट में इंग्लैंड को काउंटर अटैक पर मौका मिला. निक बांडुरक ने भारतीय गोलकीपर मोहित को छकाते हुए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया और इंग्लैंड को 1-0 की बढ़त दिला दी.

भारत ने जल्द ही बराबरी कर ली. दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया. इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने शानदार गोल करते हुए भारत को 2-1 से आगे कर दिया. हाफ टाइम तक भारतीय टीम ने यह बढ़त बनाए रखी.

दूसरे हाफ में पलट गया पूरा खेल

दूसरे हाफ में भारत की रणनीति कुछ रक्षात्मक नजर आई और इसका फायदा इंग्लैंड ने उठाया. तीसरे क्वार्टर में इंग्लैंड ने लगातार भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाया. 39वें मिनट में स्टुअर्ट रशमेयर ने गोल करके स्कोर 2-2 कर दिया. इसके कुछ ही मिनट बाद 44वें मिनट में हेनरी क्रॉफ्ट ने गोल दागकर इंग्लैंड को 3-2 की बढ़त दिला दी.

भारत ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन टीम को सफलता नहीं मिली. मैच खत्म होने से कुछ मिनट पहले निक बांडुरक ने अपना दूसरा गोल कर इंग्लैंड की जीत पक्की कर दी. भारत की कई छोटी-छोटी गलतियां भी टीम की हार की वजह बनी.

1994 के बाद विश्व कप में नहीं हरा पाया भारत

इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप में भारत का रिकॉर्ड चिंता बढ़ाने वाला है. भारतीय टीम ने 1994 के बाद से हॉकी विश्व कप में इंग्लैंड को नहीं हराया है. यानी तीन दशक से ज्यादा समय से विश्व कप के मंच पर इंग्लैंड का भारत पर दबदबा कायम है. इस हार के साथ भारत 32 साल पुराने इस सिलसिले को खत्म करने में भी नाकाम रहा.

सेमीफाइनल की राह में पाकिस्तान मुकाबला अहम

पूल-D में भारत ने अब तक दो मैच खेले हैं, जिसमें एक में जीत और एक में हार मिली है. टीम के खाते में 3 अंक हैं और वह फिलहाल दूसरे स्थान पर है. इंग्लैंड अपने दोनों मुकाबले जीतकर 6 अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष पर है. पाकिस्तान तीसरे और वेल्स चौथे स्थान पर हैं. भारत का अगला मुकाबला 19 सितंबर को पाकिस्तान से होगा. सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए बेहद अहम माना जा रहा है.