समाचार · छत्तीसगढ़
कांग्रेस का आरोप-पहली बारिश में तिमापुरम का नया स्कूल जर्जर:भाजपा सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग
सुकमा जिले के अंदरूनी इलाकों में हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस सचिव दुर्गेश राय ने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन निर्माण कार्य घटिया गुणवत्ता के हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, स्कूल और अन्य सरकारी भवन बनाए जा रहे हैं, लेकिन कई जगह निर्माण में भारी लापरवाही बरती जा रही है। उनका आरोप है कि बिना मौके पर जांच किए ही निर्माण कार्यों का मूल्यांकन कर दिया जाता है, जिससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। मंत्रियों के दौरे पर भी उठाए सवाल दुर्गेश राय ने कहा कि हाल के दिनों में कई मंत्री और जनप्रतिनिधि सुकमा आए, लेकिन उन्हें खराब सड़कें और जमीनी समस्याएं दिखाई नहीं दीं। उन्होंने कहा कि केसलूर-तोंगपाल मार्ग की हालत लंबे समय से खराब है, फिर भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। नई स्कूल बिल्डिंग में दरारें और टपक रही छत कांग्रेस नेता ने बताया कि तिमापुरम में करीब 16.75 लाख रुपए की लागत से बन रहे प्राथमिक स्कूल भवन में गंभीर निर्माण खामियां मिली हैं। उनके अनुसार भवन में जरूरी सपोर्टिंग बीम नहीं बनाई गई, जिससे छत का स्लैब झुक गया है। पहली बारिश में ही छत से पानी टपकने लगा और दीवारों में दरारें आ गई हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ पुल-पुलियों के निर्माण में भी गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया और कंक्रीट की जगह मिट्टी मिलाकर काम किया गया है। बच्चों की सुरक्षा पर जताई चिंता कांग्रेस ने कहा कि जिस भवन में निर्माण संबंधी खामियां हैं, उसी में बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। बारिश के मौसम में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। पार्टी ने मांग की कि जांच पूरी होने तक बच्चों की पढ़ाई के लिए सुरक्षित वैकल्पिक भवन की व्यवस्था की जाए। उच्चस्तरीय जांच की मांग कांग्रेस ने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर घटिया निर्माण को संरक्षण मिल रहा है। पार्टी ने सभी निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच कराने और दोषी इंजीनियरों, ठेकेदारों व अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। अपने कार्यकाल के विकास कार्य भी गिनाए प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने अपने कार्यकाल के विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उनका दावा था कि उस समय अंदरूनी क्षेत्रों में पुल-पुलिया, धान खरीदी केंद्र और नए तहसील कार्यालय खोले गए थे, जिससे ग्रामीणों को सुविधा मिली थी। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार विकास के बजाय भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है।