समाचार · हरियाणा
HSSC ने CET ग्रुप-डी के आवेदन की तिथि बढ़ाई:अब 5 जुलाई तक कर पाएंगे आवेदन, 8 तक फीस होगी जमा
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) ग्रुप-डी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। एचएसएससी द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार अब अभ्यार्थी 5 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 3 जुलाई निर्धारित की गई थी। ऐसे में अब एचएसएससी द्वारा आवेदन करने वाले अभ्यार्थियों को 2 दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है। एचएसएससी द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार अब अभ्यार्थी 5 जुलाई रात 11 बजकर 59 मिनट तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यार्थी 8 जुलाई रात 11 बजकर 59 मिनट तक अपनी फीस जमा करवा सकते हैं। वहीं एप्लीकेशन फार्म में सुधार व संपादन के लिए 9 से 11 जुलाई रात 11 बजकर 59 मिनट तक का समय दिया गया है। 19 जून से शुरू हुए थे आवेदन
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी सांझा की है। जिसमें कहा है कि अभ्यार्थियों को आयोग की तरफ से एक और मौका दिया गया है। ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यार्थी ही पेपर में बैठ पाएंगे। आवेदन प्रक्रिया 19 जून से शुरू हुई थी।
एचएसएससी चेयरमैन हिम्मत सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर जानकारी सांझा करते हुए बताया कि सीईटी ग्रुप-डी के लिए अब तक कुल 13 लाख 12 हजार 989 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन किया है। जिसमें से 10 लाख 84 हजार 621 अभ्यर्थियों ने फाइनल सबमिट भी कर दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी अपने फॉर्म को स्वयं भरें, फॉर्म भरने के बाद अच्छे से जांच करके ही फाइनल सबमिट करें।