sports
BCCI ने जूनियर क्रिकेट कमेटी में किया बड़ा बदलाव, पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज को मिली अहम जिम्मेदारी

BCCI Junior Cricket Committee: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जूनियर क्रिकेट को लेकर बड़ा फैसला लिया है. बोर्ड ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज परविंदर अवाना को जूनियर क्रिकेट कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया है. उनके अलावा कृष्णा दास, राकेश पटेल और एन. अर्जुन यादव को कमेटी का सदस्य बनाया गया है.
बीसीसीआई के मुताबिक, इन नियुक्तियों के लिए क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी (CAC) ने आवेदकों की स्क्रीनिंग और इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी की थी. जूनियर क्रिकेट कमेटी में पांचवां सदस्य फिलहाल नियुक्त नहीं किया गया है. बोर्ड ने कहा है कि इस पद पर नियुक्ति जल्द की जाएगी.
दो टी20 इंटरनेशनल खेल चुके हैं परविंदर अवाना
नई कमेटी के चेयरमैन बनाए गए परविंदर अवाना भारत के लिए दो टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है. उन्होंने 62 मैचों में कुल 191 विकेट हासिल किए.
अवाना ने दिल्ली, इंडिया ए और रेस्ट ऑफ इंडिया का प्रतिनिधित्व किया. इसके अलावा वह आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब, जिसे अब पंजाब किंग्स के नाम से जाना जाता है, की टीम का हिस्सा भी रहे.
संन्यास के बाद अवाना ने कोचिंग की राह चुनी. उन्होंने दिल्ली की अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 टीमों के साथ काम किया. इसके अलावा वह इंडिया अंडर-19 और बीसीसीआई/सीओई के कई हाई-परफॉर्मेंस प्रोग्राम से भी जुड़े रहे हैं.
कृष्णा दास को भी मिली जगह
पूर्व तेज गेंदबाज कृष्णा दास को भी जूनियर क्रिकेट कमेटी में सदस्य बनाया गया है. उन्होंने असम और गोवा का प्रतिनिधित्व किया और 49 फर्स्ट क्लास मैचों में 166 विकेट लिए.
दास भारत की अंडर-19 और इंडिया ए टीम का हिस्सा रह चुके हैं. क्रिकेट से जुड़ी दूसरी पारी में उन्होंने कोचिंग को चुना. वह इंडिया अंडर-19 टीम के बॉलिंग कोच रह चुके हैं और उत्तराखंड की रणजी ट्रॉफी टीम के साथ भी बतौर गेंदबाजी कोच काम कर चुके हैं.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ 2nd T20I: फ्री में कब, कहां और कैसे देखें भारत और न्यूजीलैंड का दूसरा T20 मैच? पढ़ें पूरी डिटेल
राकेश पटेल के पास कोचिंग का लंबा अनुभव
राकेश पटेल गुजरात और बड़ौदा के लिए क्रिकेट खेल चुके हैं. वह इंडिया ए के अलावा दलीप ट्रॉफी, देवधर ट्रॉफी और ईरानी ट्रॉफी में भी खेल चुके हैं.
रिटायरमेंट के बाद पटेल कोचिंग से जुड़े और बड़ौदा तथा गुजरात की अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर टीमों के साथ काम किया. 2025-26 सीजन में वह बड़ौदा अंडर-23 टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं.
2000 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहे अर्जुन यादव
कमेटी में शामिल एन. अर्जुन यादव का भी लंबा क्रिकेटिंग और कोचिंग अनुभव रहा है. उन्होंने इंडिया ए का प्रतिनिधित्व किया और अपने फर्स्ट क्लास करियर में 83 मुकाबले खेले.
यादव 2000 में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थे. उन्होंने हैदराबाद के लिए क्रिकेट खेला और बाद में उसी टीम के सीनियर और अंडर-23 स्तर पर हेड कोच की भूमिका निभाई. इसके अलावा यादव 2022 से बीसीसीआई के मैच रेफरी के रूप में भी काम कर रहे हैं.
पांचवें सदस्य का नाम जल्द होगा घोषित
बीसीसीआई की नई जूनियर क्रिकेट कमेटी में फिलहाल चार नाम तय किए गए हैं. परविंदर अवाना चेयरमैन, जबकि कृष्णा दास, राकेश पटेल और एन. अर्जुन यादव सदस्य होंगे.
बोर्ड ने साफ किया है कि कमेटी के पांचवें सदस्य की नियुक्ति जल्द की जाएगी. नई कमेटी के सामने भारतीय जूनियर क्रिकेट में प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक तैयार करने की अहम जिम्मेदारी होगी.
ये भी पढ़ें: क्या हार्दिक पांड्या की चोट सिर्फ एक बहाना है? क्या गंभीर नहीं चाहते कि ऑलराउंडर की टीम में हो वापसी?