Wednesday, 2 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

जच्चा-बच्चा की मौत के 7 दिन बाद अधीक्षक को हटाया:रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती थी; वीडियो में महिला ने कहा था- ये लोग मुझे मार डालेंगे

INT News2 September 2026 at 09:50 am

रीवा के संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय (SGMH) में गर्भवती महिला कल्पना मिश्रा और उसके नवजात की मौत के 7 दिन बाद अस्पताल अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। अधीक्षक पद की जिम्मेदारी सर्जरी विभाग के सीनियर प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंक शर्मा को सौंपी गई है। बुधवार को इसका आदेश स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया है। कल्पना मिश्रा से जुड़ा वह एक्सक्लूसिव वीडियो भी भास्कर ने सबसे पहले प्रसारित किया था, जिसमें गर्भवती मदद की गुहार लगाते हुए कहती सुनाई दे रही थी कि “ये लोग मुझे मार डालेंगे।” इस वीडियो ने अस्पताल में प्रसूता की स्थिति और उसे मिल रहे उपचार को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे। इस मामले में मंगलवार को जीतू पटवारी ने अस्पताल अधीक्षक के बयान का वीडियो शेयर कर आरोप लगाया था कि वे डिप्टी सीएम के करीबी हैं इसलिए कार्रवाई से बचे हुए हैं। गर्भवती की आखिरी गुहार का वीडियो सबसे पहले भास्कर ने दिखाया कल्पना मिश्रा की मौत से पहले का यह वीडियो मामले का बेहद अहम हिस्सा रहा। वीडियो में गर्भवती मदद की गुहार लगाती नजर आई थी। उसकी बातों से अस्पताल में उसके साथ क्या हो रहा था और वह किस स्थिति से गुजर रही थी, इसे लेकर गंभीर सवाल उठे। भास्कर ने इस एक्सक्लूसिव वीडियो को सबसे पहले प्रसारित किया था, जिसके बाद मामला और गंभीरता से चर्चा में आया। मौत वाले दिन डॉक्टर ड्यूटी टाइम में अस्पताल में नहीं थीं मामले में भास्कर की पड़ताल यहीं नहीं रुकी। कल्पना मिश्रा की मौत वाले दिन अस्पताल में डॉक्टर की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठे थे। भास्कर ने अपनी पड़ताल में यह सामने रखा था कि संबंधित डॉक्टर ड्यूटी टाइम के दौरान अस्पताल में मौजूद नहीं थीं। ड्यूटी के दौरान डॉक्टर की अनुपस्थिति का यह मामला सामने आने के बाद अस्पताल की व्यवस्था, डॉक्टरों की ड्यूटी और मरीजों की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े हुए। जच्चा-बच्चा की मौत के मामले में पहले से ही उपचार व्यवस्था पर सवाल उठ रहे थे और इस पड़ताल ने मामले की गंभीरता को और बढ़ा दिया। इसके बाद सामने आया अधीक्षक का एक्सक्लूसिव वीडियो कल्पना मिश्रा और उसके नवजात की मौत के बाद परिजन न्याय और जवाब मांगने अधीक्षक कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान हुई बातचीत का एक और एक्सक्लूसिव वीडियो भास्कर ने सबसे पहले प्रसारित किया। वीडियो में अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा परिजनों से बातचीत करते नजर आए। इसी दौरान उनकी ओर से कही गई टिप्पणी- “22 साल की बहन को गर्भवती करवा दिया...” सामने आई। इस भाषा को लेकर तीखी प्रतिक्रिया हुई और अस्पताल प्रशासन के रवैये पर सवाल उठे। हालांकि उन्होंने अगले दिन अपने बयान के लिए माफी मांगी। सात दिन बाद अधीक्षक हटाए गए कल्पना मिश्रा और उसके नवजात की मौत के मामले में उपचार से लेकर डॉक्टरों की ड्यूटी, अस्पताल प्रशासन के रवैये और परिजनों के साथ बातचीत तक कई सवाल लगातार सामने आते रहे। मामले की जांच के लिए सात सदस्यीय समिति भी गठित की गई थी। समिति अस्पताल पहुंचकर दस्तावेज और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर चुकी है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतका के परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की थी। अब शासन ने डॉ. राहुल मिश्रा को अधीक्षक पद से हटा दिया है और डॉ. प्रियंक शर्मा को नई जिम्मेदारी सौंपी है। हालांकि, इस कार्रवाई के बाद भी सबसे बड़ा सवाल जांच रिपोर्ट को लेकर है। क्या मामले में उपचार के दौरान लापरवाही के लिए जिम्मेदार डॉक्टरों और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई होगी या अधीक्षक को हटाने तक ही कार्रवाई सीमित रहेगी—इस पर अब सबकी नजर है। इस मामले से जुड़ी यह खबर भी पढें… 'डिप्टी सीएम के रिश्तेदार, इसलिए डॉक्टर पर एक्शन नहीं' रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में गर्भवती कल्पना मिश्रा और उनके गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में अस्पताल अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा के विवादित बयान पर सियासत तेज हो गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अधीक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार को घेरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ. राहुल मिश्रा डिप्टी सीएम के रिश्तेदार हैं, इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। पूरी खबर पढ़ें…