national
Vivek Bhagat Promotion: महिला पत्रकार से यौन उत्पीड़न के आरोपी ACP का प्रमोशन, बने एडिशनल DCP; CJP ने कहा- छेड़छाड़ का मिला इनाम

Vivek Bhagat Promotion : दिल्ली प्रोटेस्ट के दौरान जिस ACP पर महिला पत्रकार से यौन उत्पीड़न का आरोप लगा था, अब उसके प्मोशन की खबर सामने आई है. जहां इस घटना के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन हो रहे थे, विपक्ष कार्रवाई की मांग कर रहा था. उसी अफसर को प्रमोट कर दिए जाने के बाद सवाल उठने शुरू हो गए हैं. सोमवार को जारी एक आधिकारिक आदेश के मुताबिक, विवेक भगत समेत 12 पुलिस अधिकारियों को एडिशनल DCP के पद पर पदोन्नत किया गया है. यह जानकारी PTI के हवाले से सामने आई है.
12 अधिकारियों को मिला प्रमोशन
आधिकारिक आदेश के अनुसार, प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों में डॉ. विकास श्योकंद, ए वेंकटेश, गुरसेवक सिंह, रेनू लता, विदुषी कौशिक, मनु हिमांशु, सकारिया मिहिर प्रवीणभाई, गरिमा तिवारी, विवेक भगत, आशीष कुमार, मनीष लाडला और रोहित गुप्ता शामिल हैं.
पुलिस ने बताया- प्रमोशन नियमित प्रक्रिया
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि विवेक भगत समेत अधिकारियों की पदोन्नति नियमित प्रक्रिया के तहत हुई है. अधिकारी के मुताबिक, प्रमोशन के लिए अनुरोध काफी पहले भेजा गया था. यानी यह फैसला हाल में सामने आए आरोपों के बाद लिया गया फैसला नहीं बताया गया है.
तीन महिला पत्रकारों ने लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप
PTI के मुताबिक, बीते शनिवार को जंतर-मंतर पर निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे. इन आरोपों के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और कई स्वतंत्र पत्रकारों ने आरोपी अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की.
शिकायतें अपराध शाखा को भेजी गईं
दिल्ली पुलिस ने बताया कि उसे महिला पत्रकारों की शिकायतें मिली हैं. पुलिस के मुताबिक, शिकायतों को निष्पक्ष जांच के लिए अपराध शाखा को भेज दिया गया है. दिल्ली पुलिस ने रविवार को अपने आधिकारिक X हैंडल पर भी इसकी जानकारी दी थी.
पुलिस ने कहा था कि शनिवार को नई दिल्ली इलाके में हुए प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति बनी थी और इसी दौरान तीन महिला पत्रकारों ने पुलिस अधिकारियों पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए. शिकायतें मिलने के बाद उन्हें आगे की जांच के लिए क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर किया गया.
प्रमोशन की टाइमिंग पर उठे सवाल
विवेक भगत को प्रमोशन दिए जाने की खबर ऐसे समय में सामने आई है, जब उनके खिलाफ लगे आरोपों की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है. ऐसे में प्रमोशन की टाइमिंग को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है. हालांकि, पुलिस अधिकारी के मुताबिक यह पदोन्नति पहले से चल रही नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है.
इस मामले में लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोप अभी जांच के अधीन हैं. पुलिस की ओर से शिकायतों को क्राइम ब्रांच को भेजे जाने के बाद अब जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी.
ये भी पढ़ें: CEC के खिलाफ NSUI का 'मुर्दा प्रदर्शन' : कफन ओढ़कर सड़क पर लेट गए, दिल्ली पुलिस ने किया डिटेन