Tuesday, 25 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सतना जिला अस्पताल में फिर चोरी:ड्यूटी रूम का कांच तोड़कर घुसे चोर; ऑक्सीजन रेगुलेटर, ब्रोंकोस्कोप समेत लाखों का सामान ले गए

INT News25 August 2026 at 08:23 am

सतना के जिला अस्पताल में चोरी का एक और मामला सामने आया है। कोविड वार्ड के सामने स्थित ड्यूटी रूम का कांच तोड़कर चोर अंदर घुसे और आलमारी का कुंदा तोड़कर लाखों रुपए के चिकित्सा उपकरण और अन्य सामान चोरी कर ले गए। घटना 19 अगस्त की रात की बताई जा रही है। अस्पताल प्रबंधन ने सोमवार देर शाम सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। चोरी हुए सामान में ब्रोंकोस्कोप, मॉनिटर, ऑक्सीजन रेगुलेटर, 10 ई-क्रिएशन पंप और ऑक्सीजन पाइप शामिल हैं। अगले दिन ड्यूटी रूम का सामान बिखरा मिलने के बाद चोरी का पता चला। कांच तोड़कर कमरे में घुसे, आलमारी का कुंदा भी चटकाया अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, 19 अगस्त की रात ड्यूटी रूम में चोरी हुई। अगले दिन जब कर्मचारी कमरे में पहुंचे तो अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। कमरे का कांच टूटा हुआ था और आलमारी का कुंदा भी चटका मिला। मौके पर खून के धब्बे भी मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि कमरे में घुसने या चोरी के दौरान चोर के हाथ में चोट लगी होगी। CCTV में संदिग्ध युवक की गतिविधियां दिखीं चोरी के बाद अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें करण नाम का एक व्यक्ति संदिग्ध तरीके से सामान लेकर अस्पताल परिसर में आता-जाता दिखाई दिया। अस्पताल प्रबंधन ने उसे चोरी की घटना में संदिग्ध माना है। सहायक प्रबंधक डॉ. धीरेन्द्र वर्मा की ओर से दी गई शिकायत में बताया गया है कि करण पहले अस्पताल में सफाईकर्मी के रूप में काम कर चुका है। प्रबंधन के अनुसार, उसके खिलाफ पहले भी चोरी से जुड़ी शिकायतें पुलिस को दी जा चुकी हैं। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि 20 अगस्त की सुबह भी करण हाथ में चोट के साथ अस्पताल परिसर में घूमता और सामान ले जाता दिखाई दिया था। इसी आधार पर हालिया चोरी में भी उसकी भूमिका की जांच की मांग की गई है। इस साल पांचवीं चोरी जिला अस्पताल में इस साल चोरी की यह पांचवीं घटना बताई जा रही है। इससे पहले भी अस्पताल के आईसीयू, पीआईसीयू और एसएनसीयू से लाखों रुपए के चिकित्सा उपकरण और अन्य सामान चोरी हो चुके हैं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, पिछली घटनाओं की जानकारी भी सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई थी। प्रबंधन का दावा है कि अब तक इन मामलों में FIR दर्ज नहीं की गई है। फिलहाल ताजा मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है। CCTV फुटेज और मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की भूमिका की जांच की जा रही है।