Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

रतिया चेयरपर्सन प्रतिनिधि ने की सीएम सैनी से मुलाकात:शहर के विकास, अविश्वास प्रस्ताव पर हुई चर्चा, आपसी मतभेद दूर करने के दिए निर्देश

INT News15 July 2026 at 07:54 pm

फतेहाबाद जिले में रतिया नगर पालिका की चेयरपर्सन प्रतिनिधि कालू खन्ना ने चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। इस बैठक में रतिया शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों और अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इस दौरान रतिया के विधायक जरनैल सिंह, फतेहाबाद भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष बलदेव ग्रोहा, रतिया के पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा और हांसी के विधायक विनोद भयाना भी मौजूद रहे। मुलाकात के बाद कालू खन्ना ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ शहर के विकास कार्यों को गति देने, लंबित परियोजनाओं और जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया है कि रतिया के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और पार्षदों को मिलकर काम करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने आपसी मतभेद भुलाकर शहर के हित को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। सीएम ने दिया आपसी मतभेद दूर करने का निर्देश : कालू खन्ना कालू खन्ना ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री ने एक वरिष्ठ नेता को जिम्मेदारी सौंपी है। इस नेता को रतिया के सभी पार्षदों को एक साथ बैठाकर उनके आपसी मतभेद दूर करने का निर्देश दिया गया है। इसका लक्ष्य विकास कार्यों में किसी प्रकार की रुकावट को रोकना और नगर का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। यहां यह उल्लेखनीय है कि हाल ही में रतिया नगर पालिका की चेयरपर्सन प्रीति खन्ना के खिलाफ 14 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। इस प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 9 जुलाई को फतेहाबाद के एडीसी कार्यालय में एक बैठक निर्धारित की गई थी। हालांकि, किसी भी पार्षद के उपस्थित न होने और एडीसी के अवकाश पर होने के कारण यह बैठक स्थगित कर दी गई थी। रतिया में बढ़ी राजनीतिक हलचल मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात के बाद रतिया की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को विभिन्न नजरियों से देखा जा रहा है। इस मुलाकात का अविश्वास प्रस्ताव की आगामी प्रक्रिया पर क्या प्रभाव पड़ेगा और क्या इससे चेयरपर्सन प्रीति खन्ना की कुर्सी सुरक्षित रह पाएगी, यह आने वाले समय में ही स्पष्ट होगा। फिलहाल सभी की निगाहें इस पूरे घटनाक्रम और प्रशासनिक प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।