समाचार · मध्य प्रदेश
मऊगंज के बहुती जलप्रपात में बच्ची से गैंगरेप:दो युवक जबरन बाइक पर बैठाकर साथ ले गए, आरोपी गिरफ्तार
मऊगंज जिले के लौर थाना इलाके में एक 14 साल की नाबालिग लड़की के साथ दो युवकों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। बुधवार को बाजार से लौट रही लड़की को दोनों आरोपी जबरन बाइक पर बैठाकर बहुती जलप्रपात ले गए और वहां रेप किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि अभी तक पुलिस ने इनके नाम नहीं बताए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, लड़की देवतालाब बाजार से अपने गांव वापस लौट रही थी। तभी रास्ते में बाइक सवार दो युवक आए और उसे जबरन अपनी गाड़ी पर बैठा लिया। आरोपी लड़की को मऊगंज के मशहूर बहुती जलप्रपात के एक सुनसान इलाके में ले गए, जहां उन्होंने उसके साथ बारी-बारी से गलत काम किया। घर के पास छोड़कर हुए फरार वारदात के बाद आरोपी पीड़ित लड़की को उसके घर के पास छोड़कर भाग निकले। बुरी तरह डरी और सहमी बच्ची ने हिम्मत जुटाकर घर में अपनी आपबीती सुनाई। परिवारवाले तुरंत उसे लेकर लौर थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया। साइबर सेल की मदद से धरे गए आरोपी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत टीम बनाई। एडिशनल एसपी शशिकांत सरयाम ने बुधवार शाम को बताया कि आरोपियों की लोकेशन पता करने के लिए साइबर सेल की मदद ली गई। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा है और उनसे पूछताछ की जा रही है। रीवा भेजा गया मेडिकल के लिए पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और उसे मेडिकल टेस्ट के लिए रीवा भेजा गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।