Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

टीकमगढ़ में 16 जुलाई से शुरू होगी जगन्नाथ रथयात्रा:दो दिवसीय उत्सव कल से; भटनागर कॉलोनी से राज राजेश्वरी मंदिर तक निकलेगी यात्रा

INT News15 July 2026 at 07:46 pm

टीकमगढ़ में भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथयात्रा 16 और 17 जुलाई को आयोजित की जाएगी। दो दिनों तक चलने वाली यह धार्मिक यात्रा भटनागर कॉलोनी स्थित जगन्नाथ मंदिर से शुरू होकर मां राज राजेश्वरी हवेली तक जाएगी। इस उत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वैदिक रीति-रिवाज से शुरू होगी यात्रा आयोजन समिति के अनुसार, रथयात्रा पूरी तरह से धार्मिक परंपराओं और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ निकाली जाएगी। 16 जुलाई को श्री जगन्नाथ मंदिर से शुरू होकर यह यात्रा अस्पताल चौराहा, सिंधी धर्मशाला, नजरबाग, गांधी चौराहा, पापोरा चौराहा और ताल दरवाजा मार्ग से होकर गुजरेगी। राज राजेश्वरी हवेली में हाेगा विश्राम शाम करीब 6 बजे रथयात्रा श्री राज राजेश्वरी हवेली (गुड़िचा भवन) पहुंचेगी। यहां भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी और वे रात्रि विश्राम करेंगे। इस दौरान मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। 17 जुलाई को होगी मुख्य मार्गों से वापसी अगले दिन यानी 17 जुलाई को रथयात्रा दोबारा हवेली से शुरू होगी। यह पुराने नगर पालिका, कटरा बाजार, जवाहर चौक, नजराई मंडी, लुकमान चौराहा, सिंधी धर्मशाला, एकता कॉलोनी और अस्पताल तिराहा होते हुए वापस जगन्नाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन होगा। समिति ने की शामिल होने की अपील आयोजन समिति के व्यवस्थापक डॉ. आदित्य भटनागर ने शहरवासियों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों से बड़ी संख्या में रथयात्रा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन और आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए भगवान का आशीर्वाद लेने का आग्रह किया है।