समाचार · छत्तीसगढ़
पेंड्रा में ओवरटेक बना जानलेवा, पिता-पुत्र की मौत, VIDEO:बोरवेल वाहन से भिड़ी स्कूटी, महिला गंभीर घायल, पुलिस फुटेज के आधार पर जांच में जुटी
पेंड्रा मुख्य मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। हादसे में बोरवेल वाहन से टक्कर के बाद स्कूटी सवार पिता और पुत्र की मौके पर मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि स्कूटी सवार व्यक्ति अपनी पत्नी और बच्चे के साथ मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। उसने आगे चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान सामने से आ रहे बोरवेल वाहन को वह समय पर नहीं देख पाया और स्कूटी सीधे उससे टकरा गई। पिता-पुत्र की मौके पर मौत जोरदार टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिर गए। हादसे में पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने डायल-112 और एंबुलेंस को सूचना दी। तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पिता और पुत्र को मृत घोषित कर दिया। घायल महिला का उपचार जारी है। पुलिस कर रही जांच पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान बरती गई लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।